बीकानेर। आरटीई के तहत मिलने वाले भुगतान में लंबे समय से हो रही देरी के विरोध में निजी स्कूल संचालकों ने सोमवार को उपखंड अधिकारी शुभम् शर्मा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर सरकार को चेताया कि यदि बकाया राशि जल्द नहीं चुकाई गई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
स्कूल एजुकेशन वेलफेयर एसोसिएशन (सेवा) के बैनर तले सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सरकार वर्षों से आरटीई योजना के तहत पढ़ाए जा रहे बच्चों की यूनिट कॉस्ट और बकाया भुगतान समय पर नहीं कर रही है। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू ने कहा कि 2014 से अब तक करोड़ों रुपये का भुगतान अटका हुआ है, जिससे निजी स्कूल आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि लंबित भुगतान एकमुश्त जारी किए जाएं और यूनिट कॉस्ट में बढ़ोतरी की जाए।
शहर अध्यक्ष मनोज गुंसाई ने कहा कि लाखों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार देने वाले निजी स्कूलों के साथ सरकार का रवैया उदासीन है, जिससे संचालकों में आक्रोश बढ़ रहा है।
ज्ञापन देने वालों में प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू, शहर अध्यक्ष मनोज गुंसाई, मनीष शर्मा, दुर्गाप्रसाद पालीवाल, राकेश व्यास सहित कई निजी स्कूल संचालक मौजूद रहे।