बीकानेर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 141वां स्थापना दिवस बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) के तत्वावधान में सूरज टॉकीज रोड स्थित जिला कार्यालय पर उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में रविवार सुबह ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात केक काटकर कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया गया और कांग्रेसजनों को शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने हमेशा देश के लोगों के कल्याण, सशक्तिकरण और समावेशी विकास के लिए कार्य किया है। कांग्रेस ने आज़ादी की लड़ाई से लेकर राष्ट्र निर्माण तक अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में जब नफरत, अन्याय और अत्याचार को बढ़ावा दिया जा रहा है, तब कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष कर रही है। सियाग ने कहा कि कांग्रेस संविधान प्रदत्त राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों में समान अवसरों के सिद्धांत पर अडिग विश्वास रखती है। 140 वर्षों से अधिक का कांग्रेस का गौरवशाली इतिहास सत्य, अहिंसा, बलिदान, संघर्ष और देशभक्ति की प्रेरक गाथा है।
जिला संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि कार्यक्रम में पीसीसी सचिव शिवलाल गोदारा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़, एनएसयूआई अध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा, अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के श्रवण कुमार रामावत, देहात उपाध्यक्ष अर्जुनराम कूकणा, अम्बाराम इणखिया, महासचिव महीपाल सारस्वत, धर्मचंद चौधरी, सचिव डॉ. प्रीति मेघवाल, कामेश्वर प्रताप सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री सुषमा बारूपाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।