डीजीपी राजीव शर्मा ने स्कूल स्तर के विद्यार्थियों को दिए तीन प्रेरक संदेश: सड़क सुरक्षा, नशा–निवारण और पुलिस व्यवस्था की समझ पर जोर

AYUSH ANTIMA
By -
0


पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बिरला स्कूल पिलानी के प्राचार्य धीरेंद्र सिंह ने पुलिस मुख्यालय, जयपुर में डीजीपी राजीव शर्मा से सौजन्य भेंट की। परिचर्चा के इस महत्वपूर्ण अवसर पर डीजीपी राजीव शर्मा ने 125 वर्ष की गौरवशाली शिक्षा परंपरा के वाहक बिरला स्कूल, पिलानी की सराहना की। उन्होंने विद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए तीन अत्यंत सारगर्भित और प्रेरक संदेश दिए। सबसे पहले उन्होंने सड़क सुरक्षा को छात्रों की प्राथमिकता बताते हुए हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और गति नियंत्रण के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किशोर आयु में जागरूकता ही भविष्य की सुरक्षा का आधार बनती है। दूसरा प्रमुख संदेश बढ़ते ड्रग्स एवं नशे के खतरे को लेकर था। डीजीपी राजीव शर्मा ने सलाह दी कि विद्यालय स्तर पर ही बच्चों को नशे के दुष्परिणामों से परिचित कराया जाए और उन्हें सही मार्गदर्शन दिया जाए, जिससे वे किसी भी नकारात्मक प्रवृत्ति से दूर रह सकें। तीसरे संदेश के रूप में उन्होंने छात्रों को स्थानीय पुलिस थानों का शैक्षणिक भ्रमण कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली, व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रियाओं को समझना छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरक होगा। उन्होंने इस परिप्रेक्ष्य में शिक्षकों का आह्वान किया एवं अपेक्षा की कि वे इन तीनों विषयों—सड़क सुरक्षा, नशा-निवारण और पुलिस व्यवस्था की समझ पर छात्रों को प्रभावी ढंग से जागरूक करें। बातचीत के दौरान डीजीपी राजीव शर्मा ने बिरला स्कूल, पिलानी का भ्रमण करने की इच्छा भी व्यक्त की और विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस विशेष मुलाकात के क्षणों को अविस्मरणीय बनाने के लिए बिरला स्कूल के प्राचार्य धीरेंद्र सिंह एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष एवं अकादमिक प्रभारी एनएन मिश्रा के द्वारा डीजीपी राजीव शर्मा को विद्यालय की ओर से स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!