बीकानेर। जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने आमजन में डर का माहौल बना दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चोरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि रोजाना किसी न किसी इलाके से चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। बढ़ती वारदातों ने पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सर्दी के मौसम में चोरों की सक्रियता और भी बढ़ती दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के कालूबास में चोरों ने ऐसी दुस्साहसपूर्ण वारदात को अंजाम दिया कि लोग हैरान रह गए। सोमवार देर रात को चोरों ने घर में सो रहे मकान मालिक श्रीभगवान सोमानी के कमरे को बाहर से बंद कर पूरा घर खंगाल डाला।
जानकारी के अनुसार, श्रीभगवान का पैर टूटा हुआ होने से वे रात करीब 11 बजे तक अपने भतीजे के साथ दुकान के हिसाब किताब देख रहे थे। भतीजा अपनी चाची के घर नहीं होने पर बाहर ताला लगाकर सामने स्थित अपने मकान में सोने चला गया। देर रात करीब 2 बजे श्रीभगवान बाथरूम गए और वापस आकर सो गए। इसी बीच किसी ने उनका कमरा बाहर से बंद कर दिया।
सुबह जब उनकी आंख खुली तो वारदात का पूरा खुलासा हुआ। घर के बाहर लगे ताले को कुंडे सहित उखाड़कर चोर अंदर घुसे और अलमारियों, बेड व संदूकों को तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंक दिया। छत पर मिले पैरों के निशान यह संकेत देते हैं कि चोरों की संख्या एक से अधिक थी और उनमें 15-16 वर्ष का एक किशोर भी शामिल हो सकता है। परिवार ने बताया कि चोरी में बड़ा नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया। सुबह घटना का पता चलने पर उनके भाई कमल सोमानी ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, खबर लिखे जाने तक परिवाद दर्ज नहीं कराया गया था। घनी आबादी वाले कालूबास इलाके में इस वारदात के बाद मोहल्लेवासियों में रोष है और लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।