अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर झुंझुनूं में हुआ सम्मान समारोह

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस 2025 के अवसर पर बुधवार को शहीद रामदेव करणीराम पार्क में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग झुंझुनूं तथा राजस्थान दिव्यांग सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झुंझुनूं विधायक राजेन्द्र भांबू रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी ने की। विशिष्ठ अतिथियों में सीएमएचओ छोटेलाल गुर्जर, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ.पवन पूनिया, विजय गोपाल मोटासरा एवं संस्थान के अध्यक्ष पृथ्वीराज गुर्जर शामिल रहे। समारोह में जिले के श्रेष्ठ दिव्यांगजन खिलाड़ियों सचिन वर्मा, पवन कुमार शर्मा एवं विमल कुमार को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही दिव्यांगजन कल्याण हेतु महत्वपूर्ण कार्य करने वाले व्यक्तियों महेश कुमार (चाइल्ड लाइन समन्वयक), होशियार सिंह (परमहंस दिव्यांग सेवा संस्था) एवं विनोद सैनी (आशा का झरना) को भी प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। वहीं राजस्थान दिव्यांग सेवा संस्थान की ओर से मेधावी दिव्यांग छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि व स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए। उपस्थित दिव्यांगजनों को रजाईं, गद्दे, गर्म वस्त्र, कोट एवं जूते आदि सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक पात्रजन लाभ लें। उन्होंने जिले में दिव्यांगजनों के लिए बाधामुक्त वातावरण सुनिश्चित करने हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ.गुर्जर ने जिले में दिव्यांगजनों हेतु यूडीआईडी कार्ड बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए हेल्पलाइन नंबर एवं अपना व्हाट्सएप नंबर उपलब्ध कराया, जिससे किसी भी दिव्यांगजन को प्रक्रिया में समस्या नहीं आए। पीरामल फाउंडेशन की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित दिव्यांगजनों को समावेशी शिक्षा, व्यवसायिक प्रशिक्षण एवं स्कूली शिक्षा संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कृष्ण कुमार यादव, अनिल सैनी, राजीव कुल्हार तथा राजस्थान दिव्यांग सेवा संस्थान से राकेश सिरोवा, बाबूलाल कुमावत, अंशिका, नेहा, अदम्या एवं नवनीत सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!