बीकानेर रेलवे स्टेशन का 471 करोड़ रुपये की लागत से ‘‘अमृत भारत स्टेशन योजना’’ के तहत पुनर्विकास कार्य तेज़ी से चल रहा है। यह स्टेशन पर्यटन, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ मिठाई व नमकीन के लिए भी विश्वभर में जाना जाता है। अपग्रेडेशन के दौरान आधुनिक तकनीक के साथ स्थानीय कला व संस्कृति का आकर्षक मिश्रण शामिल किया जा रहा है।
मुख्य प्रवेश और द्वितीय प्रवेश पर भूतल सहित 9 मंजिला नई बिल्डिंग का निर्माण हो रहा है, जिनका कुल क्षेत्रफल करीब 43 हजार वर्गमीटर होगा। स्टेशन पर 6-6 मीटर चौड़े दो फुट ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं तथा पार्सल और सिटी क्रॉसिंग हेतु एक अलग FOB का निर्माण किया जाएगा। करीब 77 हजार यात्रियों की एक साथ सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को विस्तारित किया जा रहा है। यात्रियों की सुगमता के लिए 24 एस्केलेटर और 57 लिफ्टें लगाई जा रही हैं। ऊर्जा बचत व पर्यावरण सुरक्षा को देखते हुए 1200 KWP का सोलर प्लांट, कचरा प्रबंधन, वर्षा जल संचयन और फायर फाइटिंग सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं।
स्टेशन की 4 से 9 मंजिल तक की मंजिलें व्यावसायिक उपयोग के लिए उपलब्ध रहेंगी जिससे रेलवे का राजस्व बढ़ेगा। 36 मीटर चौड़े और 3530 वर्गमीटर क्षेत्र वाले विशाल एयर कॉन्कोर्स का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें 720 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, वाणिज्यिक दुकानें, केफेटेरिया, एग्जिक्यूटिव लाउंज, फूड कोर्ट, टूरिस्ट इन्फॉर्मेशन सेंटर और आधुनिक वेटिंग हॉल जैसी सुविधाएं होंगी। कुल 1,26,156 वर्गमीटर क्षेत्र में स्टेशन का विस्तार किया जा रहा है।
स्टेशन पर बारातघर, ऑडिटोरियम, पार्सल सिस्टम, Wi-Fi, CCTV, एक्सेस कंट्रोल, वीडियो वॉल, संकेतक, आधुनिक शौचालय, बेगेज स्कैनर, मेटल डिटेक्टर, कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन व सिंगल लाइन डिस्प्ले, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़े LED स्क्रीन और GPS आधारित डिजिटल क्लॉक जैसी कई यात्री सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है। लगभग 16 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में सड़क व सर्कुलेटिंग एरिया का विकास तथा 15 हजार वर्गमीटर में सुव्यवस्थित पार्किंग बनाई जाएगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहा यह पुनर्विकास न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा बल्कि स्थानीय कारीगरों व मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराएगा। इससे पर्यटन, हस्तशिल्प, स्थानीय कला और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास भी होगा। उल्लेखनीय है कि बीकानेर रेल मंडल के 22 स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य भी इसी योजना के तहत चल रहा है।