जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति, सद्भावना और वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यरत अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच के कार्यालय में आज मध्य प्रदेश से आए सांस्कृतिक शिष्टमंडल का विशेष स्वागत किया गया। शिष्टमंडल की यह यात्रा नेपाल में होने वाले वैश्विक शांति सम्मेलन की तैयारियों का हिस्सा रही। चाय पर चर्चा कार्यक्रम में मंच के संयोजक एवं नेपाल के प्रथम उपराष्ट्रपति के विशिष्ट सलाहकार डॉ.कुलदीप प्रसाद शर्मा (एडवोकेट) ने डेलिगेशन सदस्यों से विस्तृत बातचीत की। बातचीत में शांति-सद्भावना, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, समरसता, ग्लोबल विलेज, सत्यम् शिवम् सुन्दरम् जैसे मूल्यों को वैश्विक मंच पर कैसे सशक्त किया जाए, इस पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ। मध्यप्रदेश डेलिगेशन में शामिल विकास जैन (खरसोद-उज्जैन), धर्मेन्द्र चौहान, मानसिंह पटेल, दिनेश जाट ने अपनी-अपनी सांस्कृतिक कार्य-पद्धति और समाजसेवी अनुभव साझा किए। मंच के महासचिव प्रमोद कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने डेलिगेशन को नेपाल में 28 व 29 दिसंबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक समारोह के लिए औपचारिक निमंत्रण पत्र भेंट किए। यह कार्यक्रम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती समापन श्रृंखला का भव्य आयोजन होगा। शिष्टमंडल को कार्यक्रम के दौरान खाटूश्यामजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कराई गई। आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न इस कार्यक्रम के बाद सांस्कृतिक दल नेपाल यात्रा की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश के लिए प्रस्थान कर गया। अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच ने कहा कि यह आयोजन भारत-नेपाल सांस्कृतिक संबंधों को नई दिशा देगा और वैश्विक स्तर पर शांति व समरसता को सशक्त करने का माध्यम बनेगा।
अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच में मध्य प्रदेश डेलिगेशन का आगमन, नेपाल वैश्विक शांति सम्मेलन हेतु दिया निमंत्रण*
By -
December 01, 2025
0
Tags: