निवाई (लालचंद सैनी): पंचायत समिति मद से करवाए गए करीब 5 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का समारोह पूर्वक लोकार्पण किया गया। इस दौरान गांव हरभांवता, लुनेरा, बड़ागांव, झिलाय व मंडालिया में मुख्य अतिथि विधायक रामसहाय वर्मा व अध्यक्षता कर रहे प्रधान रामावतार लांगडी ने 5 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का समारोह पूर्वक फीता काटकर लोकार्पण किया। इस दौरान ग्रामवासियों ने अतिथियों का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि सरकार ने गांव व शहर को पूर्ण रूप से स्वच्छ रखने के लिए कई योजनाएं लागू की है, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि गांव व शहर स्वच्छ रहेगा तो देश भी स्वस्थ रहेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की मंशा है कि हर क्षेत्र में विकास हो। जिससे लोगों को लाभ मिले। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार किसान सम्मान निधि योजना, जनधन योजना, पेंशन योजना, किसान संबल योजना, अन्नपूर्णा, प्रधानमंत्री सडक योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि ऋण, फसल बीमा व सशक्त महिला सहित शिक्षा, बिजली, पानी व चिकित्सा क्षेत्र में किसानों, महिलाओं, पुरूषो व विद्यार्थियों के विकास के लिए कई योजनाएं लागु की है। जिनका प्रत्येक नागरिक को लाभ मिल रहा है। प्रधान रामवतार लांगडी ने पंचायत समिति द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पंचायत समिति द्वारा करोडों रूपये की लागत से गांवों में सडके, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय व पेयजल व्यवस्था सहित कई विकास के कार्य किए गए है। विधायक रामसहाय वर्मा ने लोगों की समस्याएं सुनी और शीघ्र ही निराकरण करने का आश्वासन दिया। इस दौरान ग्राम पंचायतों में नवनिर्मित चार दिवारी, हॉल, बरामदा व सीसी सडके सहित पंचायत समिति मद से किए गए कई विकास कार्यो का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर अरनिया मंडल अध्यक्ष शिवराज लांगडी, पूर्व देहात अध्यक्ष शिवदयाल गुर्जर व बाबूलाल मंडालिया सहित कई कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।
3/related/default