बीकानेर। बीकानेर रेल मंडल के मल्हार स्टेशन पर तैनात पॉइंट्समैन मघाराम पुत्र धन्नाराम की हाल ही में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। दिवंगत कर्मचारी का वेतन खाता एसबीआई के रेलवे सैलरी पैकेज (RSP) के अंतर्गत होने के कारण बैंक द्वारा उनकी पत्नी श्रीमती मीरा देवी को एक करोड़ रुपये का बीमा चेक प्रदान किया गया। बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल तथा एसबीआई बैंक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से चेक सौंपते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी शैलेष चौधरी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। रेलवे सैलरी पैकेज (RSP) भारतीय रेलवे और भारतीय स्टेट बैंक के मध्य हुए एमओयू के तहत प्रदान किया जाने वाला विशेष वेतन पैकेज है, जिसके अंतर्गत एसबीआई में वेतन खाता रखने वाले रेलवे कर्मचारियों को आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में ₹1 करोड़ का बढ़ा हुआ बीमा कवर उपलब्ध है। ज्ञात रहे कि पूर्व में CGEGIS योजना के तहत यह कवरेज ग्रुप ए कर्मचारियों को ₹1.20 लाख, ग्रुप बी को ₹60,000 और ग्रुप सी को ₹30,000 मिलता था, जिसे समझौते के बाद कई गुना बढ़ाया गया है। एसबीआई पैकेज में रुपे डेबिट कार्ड पर ₹1.60 करोड़ तक का एयर एक्सीडेंट बीमा, स्थायी पूर्ण विकलांगता पर ₹1 करोड़ तथा स्थायी आंशिक विकलांगता पर ₹80 लाख तक के बीमा लाभ भी शामिल हैं। रेलवे प्रशासन के अनुसार मृत कर्मचारी के परिवार को यह आर्थिक सहायता तत्काल राहत प्रदान करेगी।
बीकानेर रेल मंडल: मृत कर्मचारी की पत्नी को एसबीआई ने सौंपा एक करोड़ रुपए का चेक
By -
December 03, 2025
0
Tags: