बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि, उद्यानिकी और कृषक कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं। बीकानेर जिले में उद्यान विभाग द्वारा 3,581 सोलर पम्प स्थापित किए गए हैं, 925 हैक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप, 1,418 हैक्टेयर में मिनी स्प्रिंकलर और 14,416 हैक्टेयर में फव्वारा संयंत्र लगाए गए हैं। 57 हैक्टेयर में फल बगीचों की स्थापना, 1.78 लाख वर्गमीटर में ग्रीन हाउस और 0.28 लाख वर्गमीटर में शेडनेट हाउस का निर्माण करवाया गया है। 118 प्याज भण्डारण गृह और 7 वर्मी कम्पोस्ट इकाइयां भी किसानों के खेतों पर स्थापित की गई हैं। उद्यान विभाग ने दो वर्षों में विभिन्न योजनाओं के तहत 12,152 किसानों को कुल 11,846.87 लाख रुपए के अनुदान से लाभान्वित किया है। सूक्ष्म सिंचाई योजना में 8,353 किसानों को 3,665.10 लाख रुपए तथा पीएम कुसुम बी घटक में 3,581 किसानों को 6,302.56 लाख रुपए का लाभ दिया गया।
कृषि विभाग द्वारा जल प्रबंधन के तहत 1,325 डिग्गियां, कूप व नलकूप तथा वर्षा जल संचयन के लिए 231 फार्म पॉण्ड बनाए गए हैं, जबकि 437 किलोमीटर सिंचाई पाइप लाइन बिछाकर जल अपव्यय रोकने की पहल की गई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 205.98 करोड़ रुपए के क्लेम 50,023 किसानों को वितरित किए गए। कृषि विषय में अध्ययनरत 1,486 छात्राओं को 258.69 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई। फसलों को पशु जनित नुकसान से बचाने के लिए किसानों के खेतों पर 14 लाख 78 हजार मीटर तारबंदी कर 1,478.19 लाख रुपए का अनुदान उपलब्ध करवाया गया। किसानों की मिट्टी की गुणवत्ता जांच के लिए 29,485 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए हैं। साथ ही 65 पीएम किसान समृद्धि केन्द्र, 45 वर्मी कम्पोस्ट इकाइयां, 221 गोवर्धन जैविक उर्वरक इकाइयां तथा बजट घोषणा अनुसार एग्री क्लिनिक प्रयोगशाला भी स्थापित की गई है।