बीकानेर। जिले में 9 से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम प्रशासन सुरेश यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में सभी विभागों को समन्वय के साथ व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ऊंट उत्सव के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
ऊंट उत्सव के साथ बर्ड फेस्टिवल
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि 10 जनवरी को जोड़बीड़ स्थित लव कुश वाटिका में बर्ड फेस्टिवल का आयोजन होगा, जिसमें नेचर वॉक और बर्ड वॉचिंग करवाई जाएगी।
सादुल क्लब व रायसर में पैरामोटरिंग
उत्सव के तहत 10 जनवरी को सादुल क्लब ग्राउंड और 11 जनवरी को रायसर में पैरामोटरिंग का आयोजन किया जाएगा। इसमें जॉय राइडिंग, एरियल एक्सपीरियंस, स्मोक शो और फ्लावर ड्रॉप शामिल रहेंगे।
6 जनवरी तक प्रतियोगिताओं के आवेदन
ऊंट उत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आवेदन प्रपत्र पर्यटन सेवा केंद्र पर उपलब्ध हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 6 जनवरी निर्धारित की गई है।
2 जनवरी से ‘आवण री मनुहार’
उत्सव से पहले 2 जनवरी को लक्ष्मीनाथ जी मंदिर से ‘आवण री मनुहार’ कार्यक्रम के तहत पीले चावल बांटकर शहरवासियों को उत्सव का आमंत्रण दिया जाएगा।
9 जनवरी से रंगारंग कार्यक्रमों की शुरुआत
9 जनवरी को हेरिटेज वॉक, ट्रेडिशनल बीकानेरी फूड फेस्टिवल, कला प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
10 जनवरी: ऊंट और लोक संस्कृति
10 जनवरी को राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र में ऊंटों से जुड़ी प्रतियोगिताएं और शाम को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में फोक नाइट होगी।
11 जनवरी: रायसर में भव्य समापन
11 जनवरी को रायसर में ग्रामीण खेल, एडवेंचर एक्टिविटी, डेजर्ट एक्सपीरियंस और देशभर के लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ ऊंट उत्सव का समापन होगा।