बीकानेर। प्रदेश के सरकारी और निजी विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश की घोषणा के साथ ही छात्रों और अभिभावकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। शिक्षा विभाग के शिविरा कैलेंडर के अनुसार स्कूलों में 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक सर्दी की छुट्टियां रहेंगी। अवकाश समाप्त होने के बाद 6 जनवरी से नियमित कक्षाएं पुनः शुरू होंगी। इस सत्र में बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित समय से पहले आयोजित होने वाली हैं, ऐसे में शीतकालीन अवकाश के बाद शिक्षकों पर शेष पाठ्यक्रम पूरा कराने का अतिरिक्त दबाव रहेगा। अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं दिसंबर के बजाय नवंबर में होने के कारण कई विद्यालयों में अभी भी कोर्स अधूरा बताया जा रहा है। इधर, छुट्टियों को लेकर विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी योजनाएं पहले ही बना ली हैं। 25 दिसंबर को क्रिसमस डे का उत्सव मनाया जाएगा, वहीं 31 दिसंबर और नववर्ष के स्वागत की तैयारियां भी जोरों पर हैं। कई छात्र अपने परिवार के साथ जैसलमेर के सम के धोरों की सैर का मन बना रहे हैं, जबकि कुछ अन्य धार्मिक स्थलों के भ्रमण की योजना पर हैं।
आज से 5 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टियां, 6 जनवरी से लगेगी कक्षाएं
By -
December 24, 2025
0
Tags: