बहरोड़: मंथन फाउंडेशन चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित दिव्यांग बच्चों के विशेष विद्यालय मंथन स्पेशल स्कूल में गुरुवार को भारतीय रिजर्व बैंक व क्रिसिल फाउंडेशन के तत्वाधान में वित्तीय साक्षरता एवं वित्तीय समावेशन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता सहायक महाप्रबंधक आरबीआई सुश्री मृदुला माहेश्वरी, क्रिसिल फाउंडेशन के गिल्लू राम चौधरी एरिया मैनेजर, सीएफएल सेंटर मुंडावर से नरेंद्र कुमार तथा शुभाशीष सहायक आरबीआई रहे। मुख्य वक्ता सुश्री माहेश्वरी ने बच्चों व अभिभावकों को भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न क्रिया कलापों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के लालच में आकर अंजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी के साथ ओटीपी साझा ना करें, सोशल मीडिया पर लुभाने व ठगी वाले विज्ञापनों से दूर रहने तथा साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में 1930 नंबर पर तत्काल सूचना देने के लिए कहा। विशिष्ट अतिथि गिल्लूराम चौधरी द्वारा सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, दुर्घटना बीमा योजना, एफडी, आरडी सहित वित्तीय बचत के अन्य सुरक्षित माध्यमों की जानकारी उपलब्ध करवाई।
वहीं विशिष्ट अतिथि शुभाशीष ने अनक्लेमद डिपॉजिट को प्राप्त करने के लिए उद्गम पोर्टल की सहायता लेने, कटे-फटे नोटों को बदलने, दिव्यांगजन से संबंधित लोन व सुविधाओं का जानकारी दी साथ ही वित्तीय समावेशन के बारे में सभी उपस्थित अभिभावकों को अवगत कराया। कार्यशाला के अंत में क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र मनन, तृषा व दक्ष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपहार प्राप्त किए। अंत में उपस्थित सभी बच्चों को बैग व खाद्य सामग्री वितरित की गई। इस कार्यशाला को आयोजित करने हेतु मंथन फाऊंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट की राष्ट्रीय सचिव डॉ.सविता गोस्वामी ने आरबीआई तथा क्रिसिल फाउंडेशन से आई टीम को सम्मानित करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मंथन संरक्षक कमल नयन शर्मा, बहरोड़ इकाई अध्यक्ष अमित कुमार यादव, सचिव डॉ.सौरभ गौड़, महिला इकाई कोषाध्यक्ष चेतना यादव, अक्षरा गोयल, विशेष शिक्षक अंकित सेन, शालिनी शर्मा, पायल भगवाड़िया, डेनिश कुमार, क्रिसिल फाउंडेशन से नरेंद्र व मोना सहित अभिभावक व बच्चे उपस्थित रहे।