बीकानेर/जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): राजस्थान अन्य पिछड़ा वर्ग (राजनैतिक प्रतिनिधित्व) आयोग, राजस्थान सरकार द्वारा 27 नवंबर को बीकानेर में संभाग स्तरीय जनसंवाद एवं परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राजस्थान ओबीसी आयोग के जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि 27 नवंबर को दोपहर 2 से 4.30 बजे तक बीकानेर जिला मुख्यालय पर जिला परिषद सभागार, बीकानेर में आयोग के माननीय अध्यक्ष न्यायाधीश (सेनि.) मदनलाल भाटी सहित अन्य माननीय सदस्यगण गोपाल कृष्ण, प्रो.राजीव सक्सेना, मोहन मोरवाल, पवन मंडाविया तथा सचिव (सलाहकार) अशोक कुमार जैन की उपस्थिति में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनसंवाद एवं परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस परिचर्चा में ओबीसी आयोग आमजन से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर अन्य पिछड़ा वर्गो के क्षेत्रवार मुद्दे, विकास संबंधी आवश्यकताएँ, सामाजिक-आर्थिक चुनौतियां और ओबीसी समुदाय के कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण समस्याओं, अपेक्षाओं व सुझावों को प्राप्त करेगा। आयोग द्वारा प्राप्त सुझावों को रिपोर्ट में समाहित किया जाएगा ताकि राज्य में ओबीसी समुदाय के सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण के लिए ठोस नीति-निर्माण हो सके। गौरतलब है कि ओबीसी आयोग राजस्थान द्वारा अब तक जोधपुर-उदयपुर-भरतपुर संभाग स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा चुके हैं। आयोग के निर्देशानुसार जिला कलेक्टर बीकानेर नम्रता वृष्णि द्वारा सुश्री प्रियंका तलानिया अति.मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बीकानेर को नोडल अधिकारी एवं यशपाल आहूजा, उपायुक्त नगर निगम बीकानेर को सह नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जनसंवाद कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोग द्वारा संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षकों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसी क्रम में बीकानेर के बाद आयोग द्वारा अजमेर-जयपुर-कोटा संभाग के स्तर जनसंवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है।
27 को बीकानेर संभाग में राजस्थान ओबीसी आयोग का जनसंवाद कार्यक्रम
By -
November 25, 2025
0
Tags: