श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (तोलाराम मारू): गांधी जयंती के अवसर पर विधायक ताराचंद सारस्वत ने गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के बताए मार्गदर्शन पर चलकर हम अपने जीवन को सफल बना सकते हैं और राष्ट्रहित में कार्य कर सकते हैं। इसी क्रम में लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती एवं सेवा पखवाड़े के अंतर्गत विधायक सारस्वत ने शमशान भूमि में पौधारोपण व सफाई अभियान में सहभागिता की। इसके साथ ही गौशाला में पशुओं को चारा व गुड़ खिलाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी के आदर्श हमें राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देते हैं और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस प्रकार राष्ट्रीय हित में कार्य कर रहे हैं, उसी प्रकार हमें भी राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए।
भाजपा कार्यालय, श्रीडूंगरगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100वें स्थापना दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। विधायक सारस्वत ने संबोधित करते हुए कहा कि संघ की विचारधारा से चलकर हम राष्ट्र निर्माण में अपनी सार्थक भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हम विश्व के सबसे बड़े संगठन से जुड़े हुए हैं।