जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): सोसायटी फॉर पब्लिक ग्रीवेंस (एसपीजी) इंडिया, भारत के अध्यक्ष प्रो.बीडी रावत ने जानकारी दी कि संस्था द्वारा भक्ति एवं कीर्तन कार्यक्रम "कृष्ण माया उत्सव-2025" का भव्य आयोजन किया गया। एसपीजी, भारत के अध्यक्ष ने बताया कि यह आयोजन श्री कृष्ण अवतार खंडेलवाल एवं श्रीमती माया देवी की 50वीं विवाह वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संपन्न हुआ। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि श्री कृष्ण अवतार के बड़े भाई श्री एल.एल. गुप्ता एवं श्रीमती द्रोपती देवी ने हाल ही में अपनी 63वीं विवाह वर्षगांठ मनाई है।
इस अवसर पर श्री एल.एल. गुप्ता जी ने बताया कि जब उनकी 50वीं विवाह वर्षगांठ मनाई गई थी, उस समय उनके पिता स्वर्गीय श्री राधा श्याम जी दालवाला और माता स्वर्गीय श्रीमती मनभरी देवी सहित उनके ससुर स्वर्गीय श्री ज्वाला प्रसाद जी कूलवाल एवं सास स्वर्गीय श्रीमती भवरी देवी जी कूलवाल सजीव थे और उस विशेष समारोह में सम्मिलित हुए थे। यह एक अत्यंत दुर्लभ एवं सौभाग्यशाली अवसर रहा। संस्था के सचिव डॉ.गोविंद रावत (वरिष्ठ अधिवक्ता) ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध कीर्तन मंडली द्वारा दिव्य प्रस्तुतियाँ दी गईं। भक्तगण पूरे उत्साह और श्रद्धा से इस धार्मिक आयोजन में सम्मिलित हुए। कीर्तन मंडली ने "हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे", "गोविंद मेरो है, गोपाल मेरो है", "छोटी-छोटी गैया, छोटा-छोटा ग्वाल, छोटो सो मेरो मदन गोपाल", "राम नाम को जप करो" आदि भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती गिर्राज देवी तथा समन्वयक डॉ.गुंजन एवं सोनल पटोदिया ने बताया कि इस कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति में श्री कृष्ण अवतार जी ने भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाई, जबकि माया देवी जी ने राधारानी का रूप धारण कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में लगभग 500 श्रद्धालु सम्मिलित हुए और कार्यक्रम की सफलता में अपना योगदान दिया।