जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (SKIT) के संयुक्त तत्वावधान में, ईयूडॉक्सिया रिसर्च यूनिवर्सिटी (यूएसए) एवं ईयूडॉक्सिया रिसर्च सेंटर (भारत), जयपुर के प्रबंधन अध्ययन विभाग के सहयोग से “अंतर्राष्ट्रीय संकाय विकास कार्यक्रम (FDP Higher Education 2025)” का शुभारंभ 8 सितम्बर को हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य विषय है: “उच्च शिक्षा में शिक्षण, शोध और प्रशासनिक कार्य हेतु आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का नैतिक उपयोग।” यह FDP 8 सितम्बर से 17 सितम्बर तक ऑनलाइन माध्यम से प्रतिदिन सायं 7 बजे से 9 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन डॉ.मनीषा कौशिक (SKIT, जयपुर) ने किया। डॉ.सविता चौधरी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उच्च शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। शोध, शिक्षण और प्रशासनिक कार्यों में एआई का जिम्मेदारी से उपयोग न केवल पारदर्शिता लाएगा बल्कि शिक्षा प्रणाली की गुणवत्ता भी बढ़ाएगा। इस FDP से शिक्षकों और शोधकर्ताओं को एआई के नैतिक और प्रभावी उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिलेगा।” उद्घाटन सत्र में ईयूडॉक्सिया रिसर्च यूनिवर्सिटी की वाइस प्रेसिडेंट डॉ.प्रतिषा कुमारी, डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ.स्म्रीति मेहता तथा SKIT के प्रबंधन अध्ययन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.सविता चौधरी उपस्थित रहीं।
आयोजकों ने बताया कि इस FDP का उद्देश्य शिक्षाविदों एवं शोधकर्ताओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जिम्मेदार और प्रभावी प्रयोग की गहन समझ प्रदान करना है। कार्यक्रम में एआई आधारित उन्नत शिक्षण और शोध उपकरण, प्रशासनिक कार्यों में एआई का उपयोग, GPT एवं Agentic AI में नैतिकता तथा एआई टूल्स पर प्रायोगिक प्रशिक्षण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान होंगे। संस्थान प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यक्रम उच्च शिक्षा को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा।