जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (NIA), जयपुर में " स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" थीम पर महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सशक्तिकरण हेतु विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य, सशक्तिकरण और परिवार कल्याण से संबंधित था। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के सभी विभागों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा ने कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के इस खास अवसर पर, हम सभी को यह अवसर प्राप्त हुआ है कि हम अपनी प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर सकें और उन्हें सशक्त बना सकें। प्रो.संजीव शर्मा ने कहा, "आयुर्वेद न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य का भी समग्र ध्यान रखता है। महिलाओं को सही आहार, जीवनशैली, और घरेलू उपचारों के माध्यम से अपने स्वास्थ्य में सुधार करने की आवश्यकता है, जिससे वे अपने परिवार और समाज में अपनी भूमिका को और बेहतर बना सकें।" इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य और सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिनमें आयुर्वेदिक चिकित्सा, पौष्टिक आहार, योग और ध्यान जैसी विधियों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। साथ ही, मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन पर भी सत्र आयोजित किए गए, जहां विशेषज्ञों ने महिलाओं को सही जीवनशैली अपनाने के उपाय बताए। इस अवसर पर संस्थान के सभी विभागों द्वारा महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में कार्यरत महिला चिकित्सकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया और आयुर्वेद के विभिन्न पहलुओं से अवगत हुए।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" थीम पर महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सशक्तिकरण हेतु कार्यक्रमों का आयोजन
By -
September 17, 2025
0
Tags: