निवाई (लालचंद सैनी): राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर पालिका के तत्वावधान में सोमवार से शहर चलो अभियान को लेकर शहर में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अधिशाषी अधिकारी मनोहर लाल जाट ने बताया कि 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक शहर के सभी वार्डों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर चलो अभियान के तहत सोमवार को अग्रवाल धर्मशाला में वार्ड नम्बर 5, 6, 7, 13, 14, 15 व 16 का शिविर आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से वार्डों में साफ- सफाई, स्ट्रीट लाईट रिपेयर व नई लाईट लगाना, टूटे फेरोकवर व क्रॉस सही कराना, ब्लैक स्पॉट सही करवाना, पैच वर्क, सार्वजनिक पार्कों व सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई व रिपेयर, सिवरेज कनेक्शन व रिपेयर, कार्यालय में पेंडिंग पत्रावलियों का निस्तारण, विभिन्न प्रकार के स्टेट व ग्रांट एक्ट के पट्टे, कच्ची बस्ती, 69 ए, कृषि भूमि, भू उपयोग परिवर्तन, खांचा भूमि, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनोसी, स्ट्रीट वेंडर रजिस्ट्रेशन, उप विभाजन-एकीकरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, जन्म- मृत्यु, विवाह पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि व प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत आवेदन, प्रधानमंत्री आवास व शौचालय निर्माण के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। अधिशासी अधिकारी ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि सरकार की मंशानुसार शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करें।
3/related/default