वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान की निकली हवा

AYUSH ANTIMA
By -
0

लोकसभा मे प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ पूरी कांग्रेस वोट चोर गद्दी छोड़ के राग का आलाप कर रही है। कांग्रेस का वोट चोरी का दांव कर्नाटक में उल्टा पड़ता दिखाई दे रहा है। कर्नाटक हाईकोर्ट ने मालुर विधानसभा सीट का चुनाव परिणाम रद्द कर दिया है। इस सीट पर कांग्रेस विधायक वाई नानजेगौड़ा प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कोर्ट ने मतगणना मे कथित अनियमितता को लेकर फिर से मतगणना का आदेश पारित किया है। विदित हो 2023 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के उम्मीदवार कांग्रेस विधायक नानजेगौडा से केवल 248 मतों से चुनाव हार गये थे। इन चुनावों में निर्दलीय विजय कुमार ने 28.48 प्रतिशत वोट लेकर चुनावी गणित बिगाड़ दी थी। कांग्रेस के नानजेगोडा को 29.40 प्रतिशत वोट शेयर व भाजपा के मंजूनाथ को 29.26 प्रतिशत वोट शेयर मिला था। चुनाव परिणाम घोषित होने के एक सप्ताह से भी कम समय बाद मंजूनाथ ने मालूर विधानसभा के पुनर्मतगणना की मांग करते हुए कर्नाटक हाईकोर्ट का रूख किया था। हाईकोर्ट का आदेश नानजैगौडा के लिए व कांग्रेस पार्टी के लिए एक बहुत बड़ा झटका है क्योंकि भाजपा ने भी कांग्रेस पर वोट चोरी के आरोप लगाए थे। अब यदि पुनर्मतगणना के नतीजे मंजूनाथ के पक्ष में जाते हैं तो कांग्रेसी विधायक की सदस्यता जा सकती है। इसी क्रम में भाजपा के नेता अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया है कि कर्नाटक की आलद सीट भी कांग्रेस ने वोट चोरी करके जीती। उपरोक्त तथ्यों को देखे तो शब्दों के बाणों के आरोप प्रत्यारोप दोनों दलों की तरफ से दागे जा रहे हैं। यदि इन आरोपों में सच्चाई है और कर्नाटक हाईकोर्ट का फैसला भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में जाता है तो तो हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था संदेह के घेरे में है। इसके साथ जो आरोप प्रत्यारोप लग रहे हैं, यह उच्च स्तरीय जांच का विषय है, जिससे हमारी प्रजातांत्रिक व्यवस्था की साख बचाई जा सके क्योंकि इन आरोपों से हमारे सुदृढ़ लोकतांत्रिक व्यवस्था की छवि धूमिल हो रही है। कर्नाटक हाईकोर्ट के फैसले ने राहुल गांधी के वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे की हवा निकाल दी है। इस नारे को लेकर कांग्रेस ने संसद से सड़कों तक हाय तौबा मचा रखी है। बिहार के विधानसभा चुनावों में इस नारे को मुख्य मुद्दा बनाकर कांग्रेस चुनावी समर में उतरी है लेकिन कर्नाटक हाईकोर्ट के फैसले ने राहुल गांधी के उस आरोप की पोल खोल दी है। वैसे कांग्रेस और राहुल गांधी सत्ता पाने के लिए छटपटा रहे हैं। देखा जाए तो कांग्रेस ने दशकों तक देश पर शासन किया था लेकिन विपक्ष ने कभी भी इस तरह का घटिया आरोप नहीं लगाया था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!