फर्जी सामूहिक विवाह संस्था का आरोपी गिरफ्तार

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद सैनी): सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह करवाने के नाम पर फर्जी ऑफिस खोलकर आमजन को भ्रमित करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी दहेज में शादी में घरेलू सामान व एक भूखंड देने का लालच देकर बुकिंग कर रहा था। थानाधिकारी रामजीलाल बैरवा ने बताया कि पोरुष कुमार पुत्र दुर्गा लाल बैरवा निवासी रूपाली का बेड़ा काली पलटन टोंक, हाल फूटी बावड़ी मरमटों का मोहल्ला निवाई ने मामला दर्ज करवाया है कि श्री मानव कल्याण सामाजिक सेवा संस्थान पटेल रोड के सामने निवाई के नाम से फर्जी संस्थान द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन के नाम से फर्जी रजिस्ट्रेशन किया। आरोपी ने वर पक्ष से 85 हजार 500 रूपए व वधु पक्ष से 81 हजार 500 रूपए प्राप्त कर दहेज का घरेलू सामान व 100 वर्ग गज का भूखंड भगवानपुरा, झिलाई में देने का प्रलोभन दिया। इस पर पीड़ित से आरोपी ने 35 हजार 500 रुपए की राशि ले ली और निवाई गृह निर्माण सहकारी समिति निवाई का फर्जी पट्टा दे दिया। परिवादी ने पट्टे में वर्णित जमीन देने को कहा लेकिन आरोपी ने जमीन उपलब्ध नहीं करवाई। पुलिस ने प्रकरण का खुलासा करने के लिए विशेष टीम का गठन किया। जिसमें थानाधिकारी रामजीलाल के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, कानि.कप्तान राधाकृष्ण, चेतन कुमार, राजेश व शंकर लाल को शामिल किया गया है। टीम ने आरोपी मानव कल्याण सामाजिक सेवा संस्थान के संचालक नेमीचंद पुत्र शंकर लाल गुर्जर निवासी हरिपुरा उर्फ सरीमा थाना निवाई को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी बैरवा ने बताया कि आरोपी ने एक ऑफिस खोल रखा है, जिसमें सामूहिक विवाह सम्मेलन का बैनर लगा रखा है। इसके अलावा पंपलेट छपवा रखे हैं, जिन पर फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर भी लगवा रखा है। जबकि उक्त संस्था का किसी प्रकार का कोई पंजीकरण नहीं है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!