जीएसटी बचत उत्सव: पीएम मोदी ने नागरिक देवो भव की अवधारणा को साकार किया: प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिला प्रशासन एवं वाणिज्य कर विभाग की ओर से झुंझुनूं में बुधवार को एसएस मोदी विद्यालय के सभागार में जीएसटी बचत उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत थे। उन्होंने जीएसटी की घटी हुई नई दरों के संबंध में व्यापारियों और आमजन से संवाद करते हुए फीडबैक लिया। व्यापारियों ने मोदी सरकार द्वारा हाल ही में किए गए जीएसटी दरों में बदलाव पर मंत्री गहलोत का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। मंत्री गहलोत ने कहा कि जीएसटी दरों में नवरात्र के पहले दिन से लागू हुआ यह बदलाव क्रांतिकारी साबित होगा। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के इस फैसले से 'नागरिक देवो भव' की अवधारणा साकार हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में जीएसटी लागू होने पर 5 प्रतिशत, 12, 18 और 28 प्रतिशत की चार स्लैब थीं, लेकिन अब मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में आमजन और मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए दरों में बड़ा बदलाव किया गया है। मंत्री गहलोत ने कहा कि दैनिक जीवन में काम आने वाले 400 से अधिक उत्पादों पर जीएसटी की दरों में कटौती की गई है। इसके साथ ही दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और इंश्योरेंस प्रीमियम पर भी दरें घटाई गई हैं, जिससे आम आदमी को सीधा फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए इस सुधार से करोड़ों लोगों को लाभ होगा। बदलाव के बाद दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर लोगों को औसतन 10 प्रतिशत से अधिक की बचत होगी। यह सुधार किसानों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों सभी वर्गों के लिए राहत लेकर आया है। मंत्री गहलोत ने कहा कि बाजार में पहले दिन से ही नए दरों के हिसाब से वस्तुओं की बिक्री शुरू हो चुकी है। इसका असर जल्द ही दिखाई देगा और भारत आर्थिक शक्ति के रूप में दुनिया के सामने और मजबूत होकर उभरेगा। झुंझुनू विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना इसी प्रकार के आर्थिक सुधारों से साकार होगा। जीएसटी में यह बदलाव एक माइलस्टोन साबित होगा। जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के टैरिफ लगाने का जवाब जीएसटी दरें घटाकर दिया है। जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने अपने उद्बोधन में जीएसटी का फायदा आमजन तक पहुंचाने के लिए वाणिज्य कर विभाग को निर्देश दिए। पूर्व सांसद नरेन्द्र कुमार ने कहा जीएसटी से कई तरह के छद्म करों से आमजन को बड़ी राहत मिली है। इससे पहले वाणिज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त उमेश जालान ने संवाद कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए व्यापारियों से प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत का संवाद करवाया। इस दौरान व्यापारी विपिन राणासरिया, अमित टीबड़ा, प्रमोद चोटिया, राजेश आदि ने देशी घी समेत विभिन्न खाद्य पदार्थ, इलेक्ट्रॉनिक आईटम, रेडिमेड वस्त्र, जीवन बीमा, जीवन रक्षक दवाओं पर जीएसटी कम करने अथवा समाप्त करने के फैसले के बाद बिक्री में हुई बढ़ोतरी के बारे में बताया। सीए मनीष अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, पूर्व विधायक रणवीर गुढ़ा, पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रताप मंचस्थ रहे। कार्यक्रम का संचालन आत्माराम जांगिड़ ने किया। 

*फसल खराबे की रिपोर्ट की समीक्षा करने के निर्देश* 


प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने जीएसटी बचत उत्सव के बाद जिला स्तरीय अधिकारीयों की बैठक लेते हुए गिरदावरी के संबंध में फसल खराबे की रिपोर्ट की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में रबी की बिजाई के लिए खाद एवं उर्वरक की उपलब्धता की रिपोर्ट लेते हुए साफ-सफाई, दीपावली के समय को नजदीक देखते हुए रोशनी व्यवस्था, पेचवर्क के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने एवीवीएनएल के अधिकारियों से एफआरटी टीम की लिस्ट स्थानीय जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी मंत्री गहलोत ने नगर परिषद झुंझुनूं द्वारा आयोजित बहुजन समाज भवन में आयोजित 'शहरी सेवा शिविर ' में शिरकत करते हुए लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि योजना के डमी चैक वितरित किए। यहां मंत्री गहलोत ने शिविरों का लाभ उठाने की अपील करते हुए अधिकारियों को अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही। 


*जीएसटी बचत का स्टीकर चिपकाया*

जीएसटी बचत के बारे में आमजन को जागरूक करने के लिए प्रभारी मंत्री गहलोत ने बगड़ नगर पालिका में स्थित ई मित्र पर स्टीकर चिपकाया। उन्होंने यहां आयोजित 'शहरी सेवा शिविर' का निरीक्षण करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की स्टॉल पर नवजात शिशुओं को अन्नप्राशन करवाया। उन्होंने लाभार्थियों को पट्टे समेत विभिन्न योजनाओं के दस्तावेज भी वितरित किए। प्रभारी मंत्री के दौरे के दौरान बगड़ नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद सिंह राठौड़, विशंभर पूनिया, सरजीत चौधरी, मुरारी सैनी, महेंद्र चंदवा, सरोज श्योराण आदि साथ रहे ।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!