जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): पंजाब की पावन धरती ने हमेशा संकट की घड़ी में देश की सेवा व निस्वार्थ सहयोग दिया है। अब जब पंजाब बाढ़ त्रासदी से जूझ रहा है, तब राजधानी जयपुर से सोमवार मध्यरात्रि 1.30 बजे हीरा पथ, मानसरोवर स्थित गुरुद्वारा साहिब से एक ट्रक राहत सामग्री से भरकर रवाना हुआ। इस ट्रक के साथ कैप्टन सिंह, जितेंद्र सिंह सोनू, बलकरन सिंह, दिल्पेंद्र कौर, जगजीत सिंह, सूरज सिंह, अमनदीप सिंह, मंजीत सिंह खालसा, युवराज सिंह सहित अन्य नौजवान साथी भी रवाना हुए। ये सभी सात दिनों तक पंजाब में रुककर घर-घर जाकर प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। इस कार्य में जयपुर के प्रमुख गुरुद्वारों (हीरा पथ, वैशाली नगर, चांदी की टकसाल, मालवीय नगर) के सिख समाज एवं आवाज़ रेस्क्यू फाउंडेशन ने विशेष योगदान दिया। यूथ सेवक कैप्टन सिंह और जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि यह दूसरा राहत ट्रक है, इससे पूर्व 4 सितंबर को भी एक राहत ट्रक पंजाब भेजा गया था। सोमवार को रवाना किए गए ट्रक में 200 फोल्डिंग पलंग, 3000 राशन किट, चावल, दालें, सब्ज़ियां, रजाई, गद्दे, चादरें, कपड़े, सेनेटरी पैड, पशु आहार, पशुओं के लिए दवाइयाँ एवं डॉग फूड शामिल हैं। यह राहत सामग्री फिरोज़पुर, मखू गांव और जालंधर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में वितरित की जाएगी, जहाँ पहले से ही संदीप सिंह और उनकी टीम लगातार सेवा कार्यों में जुटी हुई है। ट्रक रवाना करने के अवसर पर हीरा पथ गुरुद्वारा प्रधान एसपी सिंह, किशन सिंह, वैशाली नगर से बलवंत सिंह, चांदी की टकसाल से कुलदीप सिंह जोली, आवाज़ रेस्क्यू फाउंडेशन से डॉ.सिवास वनिका, सोनाली, शशांक, मलकीत सिंह खालसा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे और उन्होंने स्वयं अपने हाथों से राहत सामग्री ट्रक में भरी।
जयपुर से पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 3000 राशन किट, दवाइयाँ, पशु आहार से भरा ट्रक और नौजवान हुए रवाना
By -
September 30, 2025
0
Tags: