जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): सार्वजनिक निर्माण विभाग, राजस्थान (PWD) के तत्वावधान में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस-ट्रांसपोर्टेशन इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग विभाग, एसकेआईटी M&G जयपुर में एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ISI प्रमाणित हेलमेट महिला कर्मचारियों तथा बालिकाओं (मातृशक्ति) को वितरित किए गए। यह आयोजन PWD द्वारा संचालित “सुषमा अभियान” से प्रेरित था, जिसका उद्देश्य नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति व्यवहारिक जागरूकता पैदा करना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टीसी गुप्ता, (मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव) सार्वजनिक निर्माण विभाग, ने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े तथ्यात्मक आंकड़ों के माध्यम से हेलमेट उपयोग की अनिवार्यता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर सजगता और नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं से बचाव का सर्वोत्तम उपाय है। विशिष्ट अतिथि जसवंत लाल खत्री (मुख्य अभियंता, गुणवत्ता नियंत्रण), PWD द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा अभियानों की जानकारी दी और बताया कि विभाग अधोसंरचना के साथ-साथ जनसामान्य के व्यवहार परिवर्तन पर भी कार्य कर रहा है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा "अपने सपनों को ऊंचाई दें, लेकिन पाँव ज़मीन पर रखें।" डॉ.डीके शर्मा, विभागाध्यक्ष, सिविल इंजीनियरिंग ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों का स्वागत करते हुए विभागीय योजनाओं, नवाचारों और सड़क सुरक्षा संबंधी पहलों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के समापन पर SKIT M&G के डीन डॉ.आरके जैन ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी जागरूक करें।
इस अवसर पर PWD के वरिष्ठ अभियंतागण, एसकेआईटी के प्राध्यापकगण, तकनीकी कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में सड़क सुरक्षा के प्रति व्यवहारिक समझ और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।