जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): रॉयल तत्वम सोसाइटी ने हाल ही में अपने परिसर में तीन दिवसीय वार्षिक खेल उत्सव का शानदार आयोजन किया, जिसमें सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस आयोजन में विभिन्न आयु वर्गों के लिए विविध खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिनमें बैडमिंटन, कैरम, शतरंज, टेबल टेनिस और एथलेटिक्स जैसी गतिविधियां शामिल थीं। बच्चों, युवाओं और वयस्कों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को उत्साह और जोश से भरपूर बना दिया। सभी खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। आयोजन के दौरान एक जादूई शो (मैजिक शो) का भी आयोजन किया गया, जिसने सभी दर्शकों, खासकर बच्चों को आश्चर्यचकित और मनोरंजित किया। इस मैजिक शो के आयोजन में मनोरंजन का एक अनूठा रंग जोड़ा, जिसमें जादूगर राम नारायण प्रसाद के करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
15 अगस्त को अध्यक्ष महावीर जाट ने ध्वजारोहण किया, सभी ने 79वां स्वतन्त्रता दिवस धूमधाम से मनाया, इसके बाद जन्माष्टमी का पर्व भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। तीन दिनों तक चले इस खेल उत्सव का समापन एक भव्य पुरस्कार समारोह के साथ हुआ, जिसमें विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में सभी सदस्यों, खिलाडियों और अतिथियों ने हिस्सा लिया, जिससे समुदाय के बीच एकता और उत्साह का माहौल बना। आयोजन का एक विशेष आकर्षण रहा म्यूजिकल सफर इंडिया द्वारा प्रस्तुत भजन संध्या, जिसमें सपना पाठक व अतिथि कलाकार रमिता मित्तल व हेमंत गुप्ता द्वारा भक्ति संगीत और आध्यात्मिक प्रस्तुतियों ने सभी के दिलों को छू लिया, इस भजन संध्या के माध्यम से आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माहौल को और समृद्ध किया। इस कार्यक्रम ने खेल और मनोरंजन के उत्साह को आध्यात्मिक रंग प्रदान किया, जिससे आयोजन और भी यादगार बन गया। रॉयल तत्वम सोसाइटी के इस आयोजन ने खेल, फिटनेस, मनोरंजन और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेल उत्सव के संयोजक विजेन्द्र पाठक ने पूरी मेहनत और लगन के साथ खेल उत्सव को संपन्न कराया। सभी ने आयोजक टीम के अध्यक्ष महावीर जाट, उपाध्यक्ष अमित गौतम, सचिव मुकेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष मंजू निहलानी, संयुक्त सचिव हितेश सोनी, प्रीति माथुर, मंजू पारीक, एलएम माथुर के प्रयासों को सराहा, मंच संचालन सपना पाठक द्वारा किया गया। अंत में सचिव मुकेश गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया और अगले वर्ष के लिए और भी बड़े आयोजन की उम्मीद जताई।