जयपुर: भारत विकास परिषद शाखा प्रताप नगर, सांगानेर का लहरिया उत्सव सीतापुरा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्यमी एवं समाजसेवी मानसी सांखला तथा विशिष्ट अतिथि कीर्ति शर्मा रही। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम गीत के साथ हुई। आदर्श विद्या मंदिर मालवीय नगर से पधारी छात्रा जानवी कालोसिया, खुशी पवार और अन्नपूर्णा (कक्षा अष्टमी) ने गणेश वंदना की। इसके बाद सांगानेर शाखा की महिला सहभागिता प्रमुख रजनी त्यागी ने भारत विकास परिषद का संक्षिप्त परिचय एवं परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन आर्किटेक्ट एवं इंटीरियर डिजाइनर मोनिका त्यागी ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के रंगारंग आयोजन में भजन-गीत, नृत्य, मेहंदी, लहरिया प्रतियोगिता और महिलाओं के लिए खेल आदि कार्यक्रम शामिल थे। सभी कार्यक्रमों में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर, उपस्थित सदस्यों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम के अंत में निर्णायक मंडल ने नृत्य में सीमा को प्रथम एवं बबीता गोयल को द्वितीय और विनीता को तृतीय स्थान प्रदान किया। लहरिया क्वीन प्रतियोगिता में मनीषा गोयल को प्रथम और प्रीति गुप्ता को द्वितीय स्थान मिला। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया। मुख्य अतिथि मानसी सांखला ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपनी पहचान बनाने, मनोरंजन करने और सशक्त बनाने के लिए अति आवश्यक हैं और महिलाओं को इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करते रहने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि कीर्ति शर्मा ने भारत विकास परिषद की मातृशक्ति द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। अंत में रजनी त्यागी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं पधारे हुए सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। धन्यवाद प्रस्ताव के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
3/related/default