जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (एसकेआईटी), जयपुर में 21 अगस्त 2025, गुरुवार को बी.टेक. प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम "आगाज" का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि टीकम चन्द बोहरा (आईएएस), एमडी राजफेड, राजस्थान तथा गेस्ट ऑफ ऑनर संस्थान के पूर्व छात्र कुलदीप कौशिक, सीनियर मैनेजर, गेल इंडिया लिमिटेड उपस्थित रहे। अपने प्रेरणादायी सम्बोधन में बोहरा ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें सदैव अपनी मेहनत पर विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने अपने संघर्षमय जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को धैर्य, लगन और परिश्रम से अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। गेस्ट ऑफ ऑनर कुलदीप कौशिक ने छात्रों को सफलता प्राप्त करने के व्यावहारिक उपाय बताए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। संस्थान के चेयरमैन सुरजाराम मील ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि एसकेआईटी विद्यार्थियों को क्वालिटी एजुकेशन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्थान के वाइस चेयरमैन अनिल बाफना ने सफलता के लिए सही दिशा में किए गए प्रयासों के महत्व पर बल दिया। डायरेक्टर जयपाल मील ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम करने और लक्ष्य प्राप्ति हेतु प्रेरित किया। डायरेक्टर (एकेडमिक्स) डॉ.एसएल सुराना ने कॉलेज के अनुशासन नियमों तथा 75% उपस्थिति की अनिवार्यता पर प्रकाश डाला।
प्रिंसिपल डॉ.रमेश कुमार पचार ने संस्थान के विजन-मिशन साझा किए और उपलब्ध सुविधाओं एवं संस्थान की उल्लेखनीय उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसकेआईटी को NAAC द्वारा A++ ग्रेडिंग प्राप्त है और यह लगातार 7 वर्षों से RTU की QIV रैंकिंग में प्रथम स्थान पर रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी हुईं, जिनमें राजस्थानी लोक नृत्य एवं संगीतमय प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण रहीं। अंत में डीन डॉ.आरके जैन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।