निवाई (लालचंद सैनी): जिले में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश को लेकर जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने उपखंड क्षेत्र का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में जल भराव क्षेत्रों का जायजा लिया। जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल व एसपी राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर गांव बनस्थली में जेसीबी मशीन पर बैठकर जल भराव क्षेत्र का का जायजा लिया। इधर मौके पर एसडीआरएफ टीम लगातार राहत और बचाव के कार्य में जुटी हुई है। वहीं उपखंड अधिकारी रामकरण सिंह, नायब तहसीलदार रामकेश मीणा सहित प्रशासनिक अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। उपखंड क्षेत्र सहित ग्रामीण क्षेत्र में तेज मूसलाधार बारिश होने से कई बस्तियां जलमग्न हो गई तो वहीं गांव वनस्थली में बाढ़ के हालात पैदा हो गए। पिछले करीब तीन दिन से लगातार क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश से हालात बेकाबू होने को हैं। गांव वनस्थली में मूसलाधार बारिश से निचली बस्तियां जलमग्न हो गई। सूचना पर उपखंड अधिकारी रामकरण सिंह, डीवाईएसपी मृत्युंजय मिश्रा, पंचायत समिति विकास अधिकारी राजेश्वरी यादव व नायब तहसीलदार रामकेश मीणा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसडीएम ने घटना की सूचना जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल को दी। सूचना पर जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा एसडीआर की टीम के साथ गांव वनस्थली पहुंचे। जिला कलेक्टर अग्रवाल व एसपी राजेश कुमार मीणा ने जेसीबी में सवार होकर हालात का जायजा लिया। गांव वनस्थली में वाल्मीकि बस्ती, कुम्हारों व गूर्जरों का मोहल्ला सहित अन्य निचली बस्तियों में करीब 6-6 फीट पानी भर गया, जिससे घरों में पानी घुस गया। प्रशासन ने ग्रामीणों व एसडीआरएफ की टीम के सहयोग से जेसीबी व ट्रैक्टरों में बिठाकर लोगों को रेस्क्यू करके सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और उनके खाने-पीने और रहने की व्यवस्था की। जिला कलेक्टर अग्रवाल ने तत्काल पंचायत शासन को पानी की निकासी करवाने के निर्देश दिए। इधर वनस्थली विद्यापीठ जाने वाले मार्ग पर विद्यापीठ के मुख्य द्वार पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे परेशानी उठानी पड़ी। जल संसाधन विभाग के सूत्रों के अनुसार सुबह 8 बजे तक शहर में 162 एमएम व मासी बांध क्षेत्र में 130 एमएम बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से गांव पलेई के तालाब में पानी ओवर फ्लो हो गया, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। सूचना मिलते ही एसडीएम रामकरण सिंह व तहसीलदार नरेश कुमार गुर्जर गांव पलेई पहुंचे और तालाब का जायजा लेते हुए पंचायत प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मूसलाधार बरसात से जलमग्न हुई बस्तियां व आम रास्ते: जिला कलेक्टर व एसपी ने जेसीबी में बैठकर लिया हालात का जाएजा
By -
August 23, 2025
0
Tags: