झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): शहर में बढ़ती पेयजल समस्या को लेकर शनिवार को जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित बैठक में मंत्री चौधरी को शहर में पानी की गंभीर समस्या की शिकायतें मिलीं, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को 15 दिन में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया और चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान भाजपा नगर मंडल द्वारा शहर की पेयजल स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई और बताया कि आमजन रोजाना पानी के लिए परेशान हो रहा है। इस पर मंत्री चौधरी ने सहायक अभियंता पुनीत सैनी सहित संबंधित अधिकारियों से कड़ी पूछताछ की। मंत्री ने सवाल किया कि, “जब जल स्रोतों से नियमित आपूर्ति हो रही है, तो फिर लोगों तक रोजाना पानी क्यों नहीं पहुंच रहा ?” यह पूछते हुए उन्होंने अधिकारियों को लताड़ा और कहा कि सिस्टम में सुधार जरूरी है। मंत्री चौधरी ने साफ शब्दों में कहा कि शहर के हर घर तक रोजाना पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अवैध जल कनेक्शनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि इस भीषण गर्मी में किसी भी नागरिक को पानी के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेताया कि भजन लाल शर्मा सरकार में जनता को परेशान करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि शहर के बढ़ते इलाकों के लिए अलग से बजट भी राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है। मंत्री चौधरी ने कहा कि यदि अगले 15 दिन के भीतर जल वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में प्रदेश के कई प्रमुख भाजपा नेता उपस्थित रहे। जिनमें भाजपा प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, विधायक राजेन्द्र भांबू, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, भाजपा नेता विश्वंभर पूनिया, जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल ढुकिया, पार्षद चंद्रप्रकाश शुक्ला, पूर्व प्रधान गिरधारीलाल खींचड़, अरुणा सिहाग, रामनिवास सैनी, मुकेश पाटूसरी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
झुंझुनूं में पेयजल संकट पर मंत्री की सख्ती: 15 दिन में व्यवस्था सुधारने के निर्देश, लापरवाही पर निलंबन की चेतावनी
By -
June 14, 2025
0
Tags: