देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिला सशक्तिकरण को लेकर बहुत ही गंभीर है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर उनकी सरकार ने जो कार्य किए, उनसे महिलाओं के प्रति सम्मान झलकता है। पहलगाम में पाक समर्थित आतंकवादी हमले में भारतीय नागरिको की धर्म पूछकर निर्मम हत्या से पूरे देश में आक्रोश था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय आवाम की भावनाओं का प्रतीक बनकर जिस तरह से उन आतंकियों ने भारतीय महिलाओं का सिन्दूर पोंछने का काम किया, उसी को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ आपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महिला सशक्तिकरण को लेकर संवेदनशीलता व महिलाओं के प्रति सम्मान इसी बात का घोतक है कि सेना के इस आपरेशन का नाम ही आपरेशन सिंदूर दिया। सनातन धर्म में भारतीय महिला के लिए सिन्दूर का बहुत ही महत्व है। यह वही चुटकी भर सिन्दूर होता है, जो दो अनजाने दिलों को एकसूत्र में बांधने का काम करता है। उसी सिन्दूर के महत्व को समझते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो जांबाज महिलाओं को इस आपरेशन की ब्रीफ मिडिया को देने के लिए मनोनीत किया। कर्नल सोफिया कुरैशी जिस भारत की बेटी के पराक्रम और कौशल को पूरा देश सैल्यूट करता है। उसी पराक्रम और कौशल पर मध्यप्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और मंत्री विजय शाह ने एक विवादित बयान दिया तो भारतीय जनमानस में उबाल आ गया।
यह भाजपा नेता का सत्ता का नशा कहे, जो देश की जांबाज बेटी के लिए मंत्री विजय शाह ने इतने अपमानजनक शब्द कहे है, जिनको लिखने के लिए लेखनी का हृदय भी कम्पायमान हो रहा है। उनके द्वारा कहे गये मर्यादाहीन बयान का विडियो सोशल मिडिया पर वायरल हो रहा है। इस विवादित बयान को लेकर माफी मांगते हुए मंत्री शाह ने कहा कि पहलगाम में जिस तरह हत्याएं हुई, उससे मन विचलित है। परिवार के लोग सेना में रहे हैं और शहीद भी हुए हैं। अगर इसी दुखी मन से बात निकल गई तो मैं 10 बार माफी मांगने को तैयार हूं। अब यदि उनके माफीनामे को देखे तो क्या पूरा देश उस घटना को लेकर आक्रोशित नहीं था ? क्या पूरे देश के मन में यह भावना नहीं थी कि पाकिस्तान को नक्शे से नेस्तनाबूद कर दिया जाए लेकिन किसी ने भी भारत की उस जांबाज बेटी के लिए इतने अपशब्द नहीं कहे। मंत्री शाह ने अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लेकर निश्चित रूप से उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल भी किया है। एक तरफ पूरा देश उस जांबाज कर्नल सोफिया व भारतीय सेना द्वारा किए गये हमलों को लेकर वाहवाही कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह इस तरह की स्तरहीन बयानबाजी कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिष्ठा को धुमिल करने के साथ ही महिलाओं के प्रति उनके सम्मान के अभियान को ठेस पहुचाने का काम किया है। भाजपा शीर्ष नेतृत्व को इस बात को गंभीरता से लेते हुए तुरंत मंत्री को बर्खास्त कर भाजपा के लिए दरवाजे भी बंद करें ।