धार्मिक उपदेश: धर्म कर्म

AYUSH ANTIMA
By -
0



हरि राम बिना सब भर्मि गये, कोई जन तेरा साच गहै। टेक॥
पीवै नीर तृषा तन भाजै, ज्ञान गुरु बिन कोइ न लहै। परगट पूरा समझि न आवै, ताथै सौ जल दूरि रहै॥१॥ हर्ष शोक दोउ सम कर राखै, एक एक के संग न बहै। अनत हि जाइ तहां दुःख पावै, आप हि आपा आप दहै॥ २॥ आपा पर भरम सब छाडै तीन लोक परि ताहि धरै। सो जन सही साच कौं परसै, अमर मिलै नहिं कबहूं मरै॥ ३॥ पारब्रह्म सौं प्रीति निरन्तर, राम रसायन भरि पीवै। सदा अनन्द सूखी साचे सौं, कहै दादू सो जन जीवै॥ ४॥ संतप्रवर श्री दादू दयाल जी महाराज उपदेश कर रहे है कि हरि के नाम चिन्तन बिना सभी प्राणी भ्रान्त हो रहे हैं। हजारों में कोई ही सत्यस्वरूप सर्वव्यापक परमात्मा को पहचान कर नामचिन्तन में लगता होगा। जैसे जल के बिना प्यास नहीं जाती है वैसे ही गुरु के बिना ज्ञान नहीं मिलता और ज्ञान के बिना प्रत्यक्षरूपेण ब्रह्म का स्वरूप नहीं जाना जाता। प्राणियों के लिये तृष्णा पिपासा को शान्त करने के लिये ब्रह्मज्ञान आवश्यक जो ज्ञान शोक को मिटाने वाला और हृदयस्थ काम-क्रोधादिवेगों का अवरोध करता है। यदि कभी ज्ञान होने पर भी कामादिकों का वेग उत्पन्न हो जाय तो उस को विरोधि विवेक वैराग्यादिवृत्तियों द्वारा उस को तत्काल ही ज्ञान नष्ट कर देता है। यदि यह जीवात्मा काम-क्रोधादिवृत्तियों के साथ अनात्म पदार्थों में भ्रमण करता है तो उसी क्षण दुःखी हो जायेगा। अत: साधक अपने ज्ञानरूपी अग्नि के द्वारा अनात्म अहंकार को जलाकर तथा 'तव मम' भाव को त्यागकर अज्ञानजन्य भेद-भ्रम को भी छोड़ दे और गुणातीत, लोकातीत ब्रह्म की उपासना करे। ऐसा साधक निश्चय ही सत्य-स्वरूप ब्रह्म को जीतकर अमर हो जाता है अर्थात् फिर कभी भी मृत्यु का ग्रास नहीं बनता। यह मैं सत्य ही कह रहा हूँ किन्तु उस सत्य बह्म को जानकर उसके आनन्द से सदा सुखी रहता है। योगवासिष्ठ में उपशम प्रकरण में लिखा है कि जिस प्रकार मन्दराचल पर्वत से मथे जाने पर भी क्षीरसमुद्र अपना स्वाभाविक शुक्लपना नहीं छोड़ता, उसी प्रकार आपत्ति अथवा उत्तम सम्पत्तियों के प्राप्त होने पर भी वह महामति तत्त्वज्ञ अपना सहज स्वभाव नहीं छोड़ता। साम्राज्य की प्राप्ति में अथवा आपत्ति आने पर, सांप योनि में तथा स्वर्ग प्राप्त होने में, खेदरहित हर्ष विषाद से रहित रहता है जैसे चन्द्रमा कलाओं के क्षीण तथा उदय होने पर भी एक रस रहता है। यदि ज्ञानी के हर्ष विषाद आदिकों के प्राप्त होने पर अन्त:करण में कोई विषय का भाव पैदा नहीं होता तो वह रागद्वेषभयक्रोध आदि से असङ्ग ही रहता है, ऐसा समझो।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!