बेटियों के अस्तित्व पर संकट के खिलाफ उठी आवाज, कन्या भ्रूण हत्या रोकने का छात्राओं ने लिया संकल्प

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): बेटियां समाज की पहचान और भविष्य की आधारशिला हैं, लेकिन कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति उनके अस्तित्व पर गंभीर संकट खड़ा कर रही है। इस कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए समाज की सोच में बदलाव लाना बेहद जरूरी है। यह बात राजकीय महाविद्यालय में आयोजित रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के तहत कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम एवं उपाय विषय पर आयोजित विशेष जागरूकता व्याख्यान में मुख्य वक्ता प्रोफेसर प्रभा गुप्ता ने कही। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या केवल एक गंभीर कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक मूल्यों के पतन का प्रतीक भी है। इसके कारण समाज में लिंगानुपात का संतुलन बिगड़ रहा है। बेटियों को बचाने और उन्हें समान अधिकार दिलाने के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मानसिकता बदलकर इस सामाजिक बुराई के खिलाफ आगे आना होगा। प्रो.गुप्ता ने पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए छात्राओं को कानून के प्रति जागरूक किया तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीति के विरुद्ध आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। शिविर संयोजिका प्रोफेसर उषा बागड़ी ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण का उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में शिविर में शामिल छात्राओं ने कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने तथा बेटियों के संरक्षण और सम्मान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!