चिड़ावा श्मशान घाट की भूमि पर अतिक्रमण का मामला पहुंचा कलेक्टर के पास

AYUSH ANTIMA
By -
0



 झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): वाल्मीकि समाज चिड़ावा के बाल समाधि श्मशान घाट की भूमि खसरा नं. 783 पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को समाज के प्रतिनिधि रवि शंकर कांगड़ा ने जिला कलेक्टर अरुण गर्ग को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका चिड़ावा ने अपने नोटिस क्रमांक नपाचि/2026-2027/1504 दिनांक 15/10/2026 में स्वयं ही माना है कि श्रीराम सैनी पुत्र लक्ष्मण सैनी, गुगोजी की ढाणी, वार्ड नं. 06, चिड़ावा द्वारा वाल्मीकि समाज के श्मशान घाट की जमीन पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है, जो गैर कानूनी एवं अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में आता है। नोटिस में यह भी लिखा है कि उक्त अतिक्रमण राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 एवं राजस्थान भू-अधिनियम की धारा 52A के अंतर्गत जुर्माने एवं दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आता है। नोटिस में 02 दिवस में दस्तावेज लेकर उपस्थित होने को कहा गया था, अन्यथा नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाया जाएगा, जिसके हर्जे-खर्चे की समस्त जिम्मेदारी अतिक्रमणकारी की होगी। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को बताया कि नोटिस जारी हुए लगभग एक माह हो गया, परन्तु अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया। 30 अक्टूबर को कलेक्टर कार्यालय से ईओ चिड़ावा को फोन पर 2 नवंबर को अतिक्रमण हटाने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन 13 नवंबर तक भी कार्रवाई नहीं हुई। इस पर जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने मौके पर ही नगर पालिका अधिशासी अधिकारी, चिड़ावा को फोन कर जवाब तलब किया और नियमानुसार कार्रवाई कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने के निर्देश दिए। प्रतिनिधि रवि शंकर कांगड़ा ने कहा कि खसरा नं. 783 श्मशान भूमि है। इसको आबादी क्षेत्र में बदलने के लिए कलेक्टर या राज्य सरकार के आदेश होना जरूरी है। बिना आदेश के इस भूमि को आबादी में नहीं बदला जा सकता। उन्होंने मांग की कि अतिक्रमणकारी के दस्तावेजों की जांच राजस्व अभिलेख से करवाकर अतिक्रमण शीघ्र हटाया जाए और हटाने का खर्चा अतिक्रमणकारी से ही वसूल किया जाए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!