निवाई (लालचंद माली): श्री बद्रीनाथ धाम नटवाड़ा में आयोजित होने वाले दो दिवसीय श्री बद्रीनाथ शीतकालीन दर्शन महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। महोत्सव के पोस्टर का विमोचन कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल जाट, विधायक रामसहाय वर्मा, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा एवं भाजपा शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा ने किया। इस अवसर पर श्री बद्रीनाथ धाम प्रबंध एवं विकास समिति ट्रस्ट नटवाड़ा के अध्यक्ष नाथूलाल शर्मा, महामंत्री घनश्याम गुप्ता, कोषाध्यक्ष भंवरलाल जाट, उपाध्यक्ष बद्री विजय सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट शीतकाल में छह माह के लिए बंद रहते हैं। ऐसे में शीतकाल के दौरान भगवान बद्रीनाथ के दर्शन का विशेष धार्मिक महत्व है। श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए नटवाड़ा स्थित श्री बद्रीनाथ धाम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दो दिवसीय शीतकालीन दर्शन महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के तहत सोमवार को प्रातः 9:30 बजे अभिषेक, पूजन एवं अर्चन के साथ अलौकिक श्रृंगार और दिव्य दर्शन होंगे। दोपहर 2:15 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ तथा शाम 5:15 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार मंगलवार को रामधनी मंडलियों द्वारा दोपहर 12:15 बजे भजन-कीर्तन एवं सत्संग किया जाएगा। इसके बाद भगवान का अलौकिक श्रृंगार एवं दिव्य दर्शन होंगे। दोपहर 3:30 बजे महाप्रसादी तथा रात्रि 8:15 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण में भगवान बद्रीनाथ के दर्शन का अवसर मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के समस्त संत-महात्माओं, अतिथियों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर दर्शन लाभ लेने तथा धार्मिक आयोजनों में भागीदारी निभाने की अपील की है।
बद्रीनाथ धाम नटवाड़ा में सजेगा आस्था का दरबार, दो दिवसीय शीतकालीन दर्शन महोत्सव का पोस्टर विमोचन
By -
November 15, 2026
0
Tags: