चार दिन में तीन बार धधका राजस्व रिकॉर्ड रूम, आखिर किसकी लापरवाही से जल रहा सरकारी रिकॉर्ड

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): शहर के बड़ा बाजार स्थित पुरानी तहसील भवन के राजस्व रिकॉर्ड रूम में बार-बार आग लगने की घटनाओं ने राजस्व विभाग की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि चार दिन के भीतर तीन बार रिकॉर्ड रूम में आग लगने की घटनाएं सामने आईं, लेकिन इसके बावजूद राजस्व रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार सोमवार रात पुरानी तहसील भवन के राजस्व रिकॉर्ड रूम में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल वाहन सहित फायरकर्मी मौके पर पहुंचे। संकरी गलियों के कारण दमकल कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने और आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारी एवं स्थानीय थाना अधिकारी घासीराम मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में सहयोग किया। इसके बाद मंगलवार को उसी रिकॉर्ड रूम में दोबारा आग लग गई। सूचना पर फायरकर्मी फिर दमकल लेकर मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। वहीं गुरुवार दोपहर अधजले रिकॉर्ड में एक बार फिर आग सुलग उठी। देखते ही देखते धुआं उठने लगा और रिकॉर्ड दोबारा जलने लगा। सूचना पर फायर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।

*बार-बार आग, लेकिन रिकॉर्ड की सुरक्षा के इंतजाम कहां*

लगातार आग लगने की घटनाओं ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पहली बार आग बुझने के बाद अधजले रिकॉर्ड को सुरक्षित स्थान पर क्यों नहीं पहुंचाया गया? जले हुए दस्तावेजों से सुरक्षित बचे रिकॉर्ड को अलग क्यों नहीं किया गया। आखिर बार-बार आग लगने के बावजूद रिकॉर्ड रूम की निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए। आमजन के बीच यह सवाल भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि कहीं इस आगजनी के पीछे विभागीय लापरवाही तो जिम्मेदार नहीं है। कुछ लोगों द्वारा राजस्व रिकॉर्ड को जानबूझकर जलाए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी हो गई है।

*जले रिकॉर्ड की सूची सार्वजनिक करने की उठी मांग*

लोगों का कहना है कि राजस्व रिकॉर्ड केवल विभाग की संपत्ति नहीं, बल्कि आमजन के जमीन, खातेदारी, नामांतरण एवं अन्य महत्वपूर्ण राजस्व मामलों से जुड़े दस्तावेजों का आधार होता है। ऐसे में कौन-कौन से रिकॉर्ड जले हैं, कितने दस्तावेज नष्ट हुए हैं और कितने महत्वपूर्ण अभिलेख सुरक्षित बचे हैं, इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। आमजन ने मांग उठाई है कि जले हुए राजस्व रिकॉर्ड की सूची तैयार कर सार्वजनिक की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि नष्ट हुए दस्तावेज सामान्य प्रकृति के थे या भूमि स्वामित्व एवं अन्य महत्वपूर्ण मामलों से संबंधित थे। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर सच्चाई सामने लाएंगे या बार-बार आग लगने की घटनाएं भी सरकारी फाइलों में दर्ज होकर रह जाएंगी? प्रशासन को पूरे प्रकरण की जांच करवाकर आग लगने के कारणों, सुरक्षा में हुई चूक और नष्ट हुए रिकॉर्ड की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की आशंका और आरोपों पर विराम लग सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!