दौसा के बीचों बीच टूटे सरियों पर दौड़ रही जिंदगी: जिस पुल से शहर गुजरता है, उसी पुल पर मौत बिछी है

AYUSH ANTIMA
By -
0



दौसा (गोवर्धन लाल वर्मा): शहर के बीचों बीच बने रेलवे ओवरब्रिज पर अगर आप कभी गए हों, तो आपको एहसास होगा कि आप सड़क पर नहीं, बल्कि खतरे पर चल रहे हैं। यह वही पुल है, जो शहर के दो हिस्सों को जोड़ता है। सुबह स्कूल जाते बच्चे, अस्पताल जाते मरीज, दुकान जाते व्यापारी, सबकी जिंदगी इसी पुल से गुजरती है लेकिन आज इस पुल की हालत देखकर रूह कांप जाती है।

*अब सड़क नहीं, नुकीले सरिए बचे हैं*

पुल पर डामर अब नाम मात्र का रह गया है। सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है। गिट्टियां बिखरी हुई हैं लेकिन सबसे डरावनी तस्वीर बीच में दिखती है और लोहे के सरिए टूटकर बाहर निकल आए हैं।
ये सरिए मुड़े हुए हैं, टूटे हुए हैं और नुकीले होकर ऊपर उठ गए हैं और इन्हीं सरियों के ऊपर से रोज गाड़ियां गुजर रही हैं। दोपहिया वाहन चालक के लिए तो हर पल खतरा है। अगर टायर सरिए में फंसा, तो गिरना तय है। कार वालों के टायर फट रहे हैं, वाहन चालक डर-डर के निकलते हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत की लेकिन हर बार जवाब एक ही मिला-ये हमारा काम नहीं है, वो विभाग देखेगा। नगर परिषद, पीडब्ल्यूडी और रेलवे, तीनों एक-दूसरे पर टालते रहते हैं। बीच में पिस रही है आम जनता। कभी-कभी पैचवर्क के नाम पर थोड़ा सीमेंट-डामर डाल दिया जाता है, लेकिन वो भी दो दिन नहीं टिकता। टूटे सरिए वैसे ही बाहर निकले रहते हैं।

*सवाल सिर्फ एक है*

क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, क्या किसी की जान जाने के बाद ही इस पुल की मरम्मत होगी।

*दौसा की जनता की मांग साफ है*

इस ओवरब्रिज के टूटे जॉइंट को तुरंत ठीक किया जाए, टूटे सरियों को हटाकर नये डाल कर नई मजबूत सड़क बनाई जाए क्योंकि टूटे सरियों पर गाड़ियां नहीं, लोगों की जिंदगियां दौड़ रही हैं।
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!