सीएम के विधानसभा क्षेत्र में निर्माण कार्य के नाम पर सड़क पर कब्जा, नंगे पांव मंदिर जाने वाले श्रद्धालु परेशान

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर की पॉश कॉलोनियों में शुमार मानसरोवर स्थित एसएफएस कॉलोनी के सेक्टर 6 में अवैध अतिक्रमण और निर्माण सामग्री के कारण आमजन का जीना मुहाल हो गया है। पिछले करीब एक से डेढ़ साल से यहां एक मकान के निर्माण कार्य के दौरान पूरी गली पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

*श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को भारी परेशानी*

स्थानीय निवासियों के अनुसार, गली में निर्माण सामग्री और मलबा फैले होने के कारण रास्ता पूरी तरह से संकरा और अवरुद्ध हो गया है। सबसे अधिक परेशानी जैन मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को हो रही है। धार्मिक मान्यताओं के चलते मंदिर जाने वाले कई श्रद्धालु इस रास्ते से नंगे पांव गुजरते हैं, जिन्हें रास्ते में पड़े पत्थर, बजरी और निर्माण सामग्री के कारण चोटिल होने का डर बना रहता है। इसके अलावा, गली बंद होने से चार पहिया और दोपहिया वाहन चालकों का निकलना भी दूभर हो गया है।

*प्रशासन की अनदेखी पर फूटा गुस्सा*

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लंबे समय से रास्ता बाधित होने के बावजूद प्रशासन की चुप्पी से लोगों में भारी रोष है।
रास्ता साफ कराने की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई है कि आमजन और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रभाव से गली में से अतिक्रमण व निर्माण सामग्री हटवाई जाए, ताकि लोगों को सुगम रास्ता मिल सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!