निवाई (लालचंद माली): भरकुआं तालाब रोड स्थित भोमिया जी महाराज के मंदिर परिसर में बुधवार को आस्था, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के बीच पीपल विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। विवाह समारोह आचार्य पंडित केदार नारायण शास्त्री के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा। महोत्सव में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बनेंगे। पीपल विवाह महोत्सव के तहत भगवान लक्ष्मीनाथ की भव्य बारात मालियों के मोहल्ले में स्थित लक्ष्मीनाथ मंदिर से शाही लवाजमे के साथ रवाना होगी। बारात में सबसे आगे डीजे पर बजती धार्मिक धुनों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते चलेंगे। इसके पीछे आकर्षक बग्गी में भव्य विमान पर भगवान लक्ष्मीनाथ विराजमान होंगे। बारात शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई भोमिया जी महाराज के मंदिर परिसर पहुंचेगी। मंदिर परिसर में वधू पक्ष की ओर से आचार्य पंडित केदार नारायण शास्त्री के सानिध्य में बारात का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तोरण की रस्म सहित विवाह की विभिन्न धार्मिक रस्में संपन्न करवाई जाएंगी।
*कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ धार्मिक आयोजन*
पीपल विवाह महोत्सव को लेकर को मायला कुंड स्थित शिव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कलश यात्रा बड़ा बाजार, बस स्टैंड एवं वेयरहाउस होते हुए तालाब रोड स्थित भोमिया जी महाराज के मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलश यात्रा के मंदिर परिसर पहुंचने पर धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल नजर आया। इस पावन विवाह महोत्सव में मुख्य यजमान के रूप में पूर्व पार्षद प्रहलाद सैनी शामिल होंगे। वे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पीपल का कन्यादान करेंगे। धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं से जुड़े इस अनूठे आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है। विवाह महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।