टोंक (लालचंद माली): शहर में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और आमजन को तेज आवाज तथा ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए टोंक यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। ऑपरेशन अनामिका अंकुश के तहत पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज धमाके और कानफोड़ू आवाज निकालने वाली 8 बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में 27 नवंबर को यातायात शाखा टोंक की ओर से यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्लैक फिल्म लगे वाहनों को भी निशाने पर लिया गया। पुलिस ने 25 चौपहिया वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई। वहीं बिना नंबर प्लेट के संचालित 4 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार ऑपरेशन अनामिका अंकुश का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करना है। शहर में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर, अवैध ब्लैक फिल्म और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों की पालना करने और सड़क सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है।
तेज आवाज वाले बुलेट बाइकर्स पर टोंक पुलिस का शिकंजा, 8 बुलेट जब्त; 25 वाहनों से हटाई ब्लैक फिल्म
By -
November 28, 2026
0
Tags: