निवाई (लालचंद माली): शहर के सुनियोजित विकास और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र कुमार शर्मा ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने निवाई को विकास का मॉडल बनाने के उद्देश्य से 427.72 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करवाकर मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभागों को भेजा है। इन प्रस्तावों में शहर की सड़कों का निर्माण एवं नवीनीकरण, सीवरेज-पेयजल व्यवस्था, विद्युत लाइनों का सुदृढ़ीकरण, निराश्रित गोवंश संरक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और शहरी आधारभूत ढांचे का विकास शामिल है। साथ ही निवाई नगर पालिका को नगर परिषद में क्रमोन्नत करने की मांग भी उठाई गई है।
*सीवरेज-पेयजल पर 321 करोड़ का निवेश*
शहर की बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सीवरेज व्यवस्था के लिए 241.72 करोड़ रुपए, पेयजल व्यवस्था के लिए 30 करोड़ रुपए और विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के लिए 50 करोड़ रुपए की मांग की गई है। इन कार्यों पर कुल 321.72 करोड़ रुपए खर्च प्रस्तावित हैं। इसके समुचित क्रियान्वयन के लिए कार्यकारी एजेंसी नियुक्त करने की मांग भी की गई है। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से शहरवासियों को बेहतर सीवरेज, पर्याप्त पेयजल और व्यवस्थित विद्युत व्यवस्था मिल सकेगी।
*गोवंश संरक्षण और खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच*
निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए 25 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक गौशाला बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसमें आवासीय शेड, चारा-पानी, उपचार केंद्र और चारा भंडारण जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए 15 करोड़ रुपए से आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है। इसमें इंडोर-आउटडोर खेल सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण और अभ्यास की व्यवस्था होगी।
*सड़कों के विकास की नई राह*
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए चार प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण पर 66 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसमें चैनपुरा आरओबी से जयपुर रोड, झिलाई पुलिया से मॉडर्न स्कूल, खण्डदेवत रोड तथा दशहरा मैदान से टोंक रोड तक सड़क विकास कार्यों के साथ डिवाइडर, पौधारोपण और विद्युतीकरण की योजना शामिल है।
*लगातार बढ़ रही है शहर की आबादी*
नगर पालिका को नगर परिषद में क्रमोन्नत करने की मांग भी विकास प्रस्ताव का अहम हिस्सा है। वर्ष 1949 में ग्राम पंचायत से नगर पालिका बनने के बाद शहर का लगातार विस्तार हुआ है। वर्तमान में निवाई का क्षेत्रफल 57.72 वर्ग किलोमीटर है। यहां शैक्षणिक संस्थान, औद्योगिक क्षेत्र, धार्मिक स्थल, रेलवे स्टेशन और राष्ट्रीय राजमार्ग जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। बढ़ती आबादी और नागरिकों की जरूरतों को देखते हुए नगर परिषद में क्रमोन्नत किया जाना आवश्यक बताया गया है।
*विकास के साथ बदलेगी शहर की तस्वीर*
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र कुमार शर्मा का मानना है कि इन महत्वाकांक्षी योजनाओं को स्वीकृति मिलने से निवाई के विकास को नई गति मिलेगी। शहर को आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से जोड़ने के साथ ही नागरिकों को बेहतर सड़कें, व्यवस्थित सीवरेज, पर्याप्त पेयजल, आधुनिक खेल सुविधाएं और मजबूत शहरी ढांचा मिल सकेगा। अब इन प्रस्तावों पर राज्य सरकार की स्वीकृति मिलने का इंतजार है