निवाई (लालचंद माली): टोंक जिला पुलिस की डीएसटी टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनबीसी फैक्ट्री के सामने से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 92 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 18 लाख रुपए बताई जा रही है। डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश जाट ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डीएसटी टीम ने कार्रवाई कर जयराज बैरवा पुत्र रामकिशन एवं विकास बैरवा पुत्र बनवारी लाल निवासी अलीपुरा, थाना मेहंदवास को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी स्मैक की खेप जयपुर के सांगानेर में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
*जयपुर कनेक्शन खंगाल रही पुलिस*
कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही जयपुर के सांगानेर तक फैले तस्करी के नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय अन्य लोगों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। डीएसटी की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।