निवाई (लालचंद माली): नटवाड़ा स्थित प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थस्थल श्री बद्रीनाथ धाम में 16 नवंबर को वार्षिक शीतकालीन दर्शन महोत्सव आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर श्री बद्रीनाथ धाम प्रबंध एवं विकास समिति (ट्रस्ट) के पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर आयोजन की अनुमति मांगी है। ट्रस्ट अध्यक्ष नाथूलाल शर्मा, महामंत्री घनश्याम गुप्ता, कोषाध्यक्ष भंवरलाल जाट एवं उपाध्यक्ष बद्री विजय ने बताया कि उत्तराखंड स्थित भगवान श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के दिन नटवाड़ा धाम में शीतकालीन दर्शन प्रारंभ होने की परंपरा है। इसी उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महोत्सव आयोजित किया जाता है।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि पंचायत चुनाव की आदर्श आचार संहिता को देखते हुए सभी दिशा-निर्देशों की पालना की जाएगी। आयोजन में किसी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि, चुनाव प्रचार या राजनीतिक भाषण नहीं होगा। साथ ही सुरक्षा, यातायात, कानून व्यवस्था एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित नियमों का पालन किया जाएगा। ट्रस्ट ने धार्मिक परंपराओं एवं श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से महोत्सव के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए शीघ्र अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया है।