निवाई (लालचंद माली): शहर को कचरे की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में नगर पालिका ने बड़ा कदम उठाया है। बरथल में 1.44 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण शुरू हो गया है। बुधवार को पालिका अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। अधिशाषी अधिकारी नवरत्न शर्मा ने बताया कि प्लांट में शहर के घरों से निकलने वाले प्रतिदिन के ठोस कचरे का आधुनिक तकनीक से वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इससे जैविक कचरे से खाद तैयार होगी तथा शेष कचरे का ईंधन के रूप में उपयोग किया जा सकेगा। प्लांट की प्रतिदिन 14.02 टन कचरा निस्तारण की क्षमता निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि मैसर्स अलवाजो सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, जनकपुरी दिल्ली द्वारा निर्मित किए जा रहे इस प्लांट पर करीब 1.44 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य को 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्लांट शुरू होने के बाद खणदेवत रोड स्थित कचरा डिपो पर कचरा एकत्र करना बंद कर दिया जाएगा तथा शहर का संपूर्ण कचरा बरथल प्लांट में पहुंचाकर निस्तारित किया जाएगा। इससे शहर में जगह-जगह लगने वाले कचरे के ढेरों से राहत मिलने के साथ प्लास्टिक खाने से गोवंश की होने वाली मौतों पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है। भूमि पूजन कार्यक्रम में अधिशाषी अधिकारी नवरत्न शर्मा, सहायक अभियंता चंद्रप्रकाश चौधरी, पप्पूलाल मीणा, गजेंद्र सिंह राजावत सहित पालिका कर्मचारी एवं निर्माण कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कचरे के ढेरों से मिलेगी मुक्ति, बरथल में 1.44 करोड़ से बनेगा आधुनिक प्लांट
By -
November 04, 2026
0
Tags: