पंचायत समिति चुनाव में नामांकन का महाकुंभ, 131 प्रत्याशियों ने ठोकी ताल

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): पंचायतराज चुनाव-2026 को लेकर बुधवार को पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भाजपा, कांग्रेस, आरएलपी एवं निर्दलीय सहित कुल 131 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी पेश की। प्रत्याशियों और समर्थकों की भारी भीड़ के चलते एसडीएम कार्यालय परिसर में मेले जैसा माहौल नजर आया। रिटर्निंग ऑफिसर गंभीर सिंह ने बताया कि 5 नवम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 6 नवम्बर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान कांग्रेस डीआर प्रत्याशी सुषमा बैरवा, शहर अध्यक्ष सतीश शर्मा सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने निर्वाचन अधिकारी को पार्टी प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न संबंधी दस्तावेज सौंपे। वहीं भाजपा की ओर से प्रभारी नीरज शर्मा, जिला प्रभारी रामानन्द गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष रमाकांत शर्मा सहित पदाधिकारियों ने भाजपा प्रत्याशियों के सिंबल जमा करवाए। नामांकन के दौरान एसडीएम कार्यालय में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ने से व्यवस्थाएं चुनौतीपूर्ण हो गईं। भीड़ नियंत्रित करने के लिए कार्यालय से 100 मीटर की दूरी पर बैरिकेडिंग की गई तथा सुबह से ही भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई बार हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। इस अवसर पर तहसीलदार सृष्टि जैन, नायब तहसीलदार रामकेश मीणा, चुनाव प्रभारी अमित जोशी, डीवाईएसपी रविप्रकाश शर्मा एवं थानाधिकारी घासीराम मीणा सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!