साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर ने योजनाओं की प्रगति परखी

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति करें। बैठक में जिला कलेक्टर ने ग्राम स्तरीय ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की तैयारियों और उनके प्रभावी संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए सभी विभाग पूरी तैयारी के साथ कार्य करें। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागवार लक्ष्य एवं उपलब्धियों की जानकारी ली तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। डॉ.गर्ग ने राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बजट घोषणाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को उनका लाभ समय पर मिल सके। बैठक में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले में किए जा रहे पौधारोपण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि लगाए गए पौधों का जीवित रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना उनका रोपण। बैठक में पुलिस अधीक्षक कवेंद्र सागर ने अधिकारियों को गरिमा हेल्पलाइन 1090, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा राजकॉप सिटीजन ऐप सहित विभिन्न डिजिटल सुरक्षा एवं पुलिसिंग टूल्स की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, महिलाओं की सुरक्षा तथा आमजन को डिजिटल माध्यमों से त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से इन सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी आग्रह किया ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। जिला कलेक्टर ने बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों एवं परिवेदनाओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से समाधान किया जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुरुषोत्तम धानका सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!