बीकानेर: जिले के जसरासर थाना क्षेत्र में एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। एक नाबालिग बालिका के परिजनों ने स्थानीय युवक पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, मारपीट और जान से मारने की धमकियां देने के आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने पीडिता की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इसी घटनाक्रम से जुड़ा एक दूसरा पक्ष भी सामने आया है। आरोपित युवक के परिवार ने पुलिस को दिए परिवाद में दावा किया है कि युवक को कुछ लोगों ने पकड़कर बंधक बनाया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए बेरहमी से मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि युवक को रस्सियों से बांधा गया, उसके बाल काटे गए और लाठियों से बुरी तरह पीटा गया। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक युवक के हाथ बांधकर उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे इसी प्रकरण से जुड़ा बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को वहां से मुक्त करवाकर पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। कुकणिया बेरासर गांव निवासी एक युवक ने कुछ लोगों पर घर से कथित रूप से अपहरण कर ले जाकर बेरहमी से मारपीट करने तथा जिंदा जलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीडित की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस के अनुसार कुकणिया बेरासर निवासी मूलाराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 4 जून को सुबह करीब 11 बजे वह अपनी माता के साथ घर पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान नारायण राम और किशोर निवासी काकड़ा एक मोटरसाइकिल और एक कार में अपने एक अन्य साथी के साथ उसके घर पहुंचे। परिवादी के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन उसे वाहन में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान उसकी माता बीच-बचाव करने आई तो आरोपियों ने कथित रूप से उनके पेट में लात मार दी, जिससे वह गिर गई। बताया गया कि हाल ही में उनका ऑपरेशन हुआ था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपी उसे जबरन वाहन में डालकर काकड़ा की ओर ले गए। जोगणिया बाला की ओरण में पहुंचने पर वहां रेखाराम जाट निवासी मेहरामसर तथा राजूराम जाट निवासी काकड़ा एक पिकअप वाहन लेकर पहुंचे। परिवादी का आरोप है कि पिकअप में लोहे के सरिए और रॉड रखे हुए थे तथा सभी आरोपियों ने मिलकर उसके साथ सरियों और रॉड से मारपीट की। रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने उसे जिंदा जलाने की नीयत से उसके शरीर पर पेट्रोल भी छिड़का। बाद में उसे बेहोशी की हालत में समझकर एक ट्यूबवेल पर ले जाया गया, जहां उसके शरीर पर पानी डाला गया तथा एक डॉक्टर को बुलाकर उपचार कराया गया। इसी दौरान पुलिस के पहुंचने पर आरोपी वहां से हट गए। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई सेवाराम को सौंपी गई है।
3/related/default