मासलपुर/करौली: मरदई मोड़ स्थित भगवान श्री देवनारायण मंदिर में आयोजित दिव्य श्री देवनारायण कथा का समापन विशाल प्रसादी कार्यक्रम के साथ श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर मासलपुर, करौली, धौलपुर, दौसा, भरतपुर सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्री देवनारायण जी के दर्शन किए तथा प्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम का आयोजन 13 गाँव शेरनी की आयोजन समिति एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं के सहयोग से किया गया। आयोजन समिति के अनुसार श्रद्धालुओं के लिए लगभग 300 मन आटे से विशाल प्रसादी तैयार की गई, जिसका हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा तथा भगवान श्री देवनारायण जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर करौली नगर परिषद के पूर्व सभापति राजाराम गुर्जर ने भगवान श्री देवनारायण मंदिर एवं धार्मिक कार्यों के लिए ₹11 लाख की सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा कर समाज और धर्म के प्रति अपनी आस्था एवं सेवाभाव का परिचय दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके इस सहयोग का जोरदार स्वागत किया। आयोजन समिति ने बताया कि कथा एवं प्रसादी कार्यक्रम को सफल बनाने में 13 गाँव शेरनी के ग्रामीणों, भामाशाहों, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।