जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): राजस्थान में आयोजित होने वाली पीटीईटी प्रवेश परीक्षा की पूर्व तैयारियों को लेकर वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं मुख्य समन्वयक पीटीईटी-2026 प्रो.बीएल वर्मा ने जयपुर में उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमचंद बैरवा से शिष्टाचार भेंटकर परीक्षा की पूर्व तैयारियों से अवगत कराया और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। विश्वविद्यालय जनसंपर्क प्रकोष्ठ से विक्रम राठौड़ ने बताया कि भेंटवार्ता के दौरान कुलगुरु प्रो.वर्मा ने कहा कि 14 जून, रविवार को सम्पूर्ण प्रदेश मे एक साथ राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा पीटीईटी-2026 का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने डॉ.बैरवा को पीटीईटी परीक्षा की तैयारियों, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों की सुविधा, पारदर्शिता और सुरक्षा संबंधी प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.बैरवा ने तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और विश्वविद्यालय द्वारा की जा रही तैयारियों की सराहना करते हुए परीक्षा के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन पर जोर दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारियों पर संतोष जताते हुए सफल आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। चर्चा के दौरान कुलगुरु प्रो.बीएल वर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा के आयोजन को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। अभय कमांड से परीक्षार्थी पर नजर, बायोमैट्रिक व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों के चयन, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही, आधुनिक तकनीकी उपायों का भी उपयोग किया जा रहा है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों के समन्वय से परीक्षा का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया गया है।
कुलगुरु प्रो.बीएल वर्मा की उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमचंद बैरवा से भेंट
By -
May 31, 2026
0
Tags: