कोटपूतली-बहरोड़ (सुनील दत्त शर्मा): राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में जिले भर में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों के क्रम में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा बुधवार को जिला स्तर पर उद्यमी संवाद समारोह का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में विधायक बानसूर देवीसिंह शेखावत के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, जीएम डीआईसी भंवरलाल सैनी एवं जिले के विभिन्न उद्यमी एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से उद्योगपतियों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री द्वारा इस दौरान 3 नई नीतियों की लॉन्चिंग, विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, भूमि आवंटन पत्र सहित अन्य सौगातें भी दी गई। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री राजस्थान इंडस्ट्रियल पार्क प्रमोशन पॉलिसी, राजस्थान एयरोस्पेस एंड डिफेंस पॉलिसी और राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी की लॉन्चिंग की गई। इसके अतिरिक्त रीको आद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े 119 करोड़ रुपये लागत के 40 कार्यों का लोकार्पण और 226 करोड़ रुपये के 46 कार्यों का शिलान्यास भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा उद्यमियों को प्रोत्साहित करने एवं औद्योगिकीकरण को सुलभ बनाने हेतु विभिन्न नीतियां, योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है, राइजिंग राजस्थान के माध्यम से औद्योगीकरण को एक नई रफ़्तार मिली है, औद्योगिक संगठनों को आधारभूत व आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने कहा कि जिले में राइजिंग राजस्थान के तहत 390 एमओयू किए गए हैं, जिनमें से 122 एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं, जिनके माध्यम से निवेश व रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।