राज्य बजट में पत्रकारों के लिए विशेष सुविधाओं की मांग

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): पूर्व सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी तथा वरिष्ठ पत्रकार सवाई सिंह मालावत ने राज्य सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर से मुलाकात कर राजस्थान के पत्रकारों के हित में राज्य बजट में विशेष सुविधाओं की घोषणा करवाने की मांग की है। सोमवार को झुंझुनूं स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मालावत ने बाजौर को एक लिखित ज्ञापन सौंपते हुए आग्रह किया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से राज्य बजट में पत्रकारों के हितों के कल्याणकारी घोषणाएं करवाने का प्रयास किया जाए। मालावत ने मांग की कि राज्य के सभी जिलों में जो पत्रकार आवासीय भूखण्ड से वंचित हैं, उन्हें जिला एवं उपखंड मुख्यालयों पर भूखण्ड आवंटित किए जाएं। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में पत्रकार भवन निर्माण की भी घोषणा की जाए। उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा पात्र पत्रकारों को दी जा रही 15 हजार रुपये मासिक पेंशन में वृद्धि करने और पत्रकारों के अधिस्वीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा अधिक से अधिक पत्रकारों को इसका लाभ देने की मांग भी रखी। इन सभी घोषणाओं को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शामिल करने का आग्रह किया गया। इस पर प्रेमसिंह बाजौर ने आश्वासन दिया कि वे पत्रकारों की इन सभी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे और सकारात्मक प्रयास करेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भाम्बू, पूर्व जिला प्रमुख एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि, सूरजगढ़ के पूर्व विधायक सुभाष पूनिया, ललित शर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!